मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में मैदानी इलाकों खासकर हरिद्वार एवं ऊधमसिंहनगर में में सुबह और शाम घना कोहरा परेशान करेगा। वाहनों का संचालन धीमी गति से करने के लिए अपील की गई है। क्योंकि ऐसी दशा में हादसे की आशंका रहती है। उधर, पहाड़ी इलाकों में पाला पड़ने की संभावना है।

उधर, मौसम विभाग ने न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच का अंतर बढ़ने पर लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। तापमान में 16 से 18 डिग्री तक का अंतर आ सकता है। इसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बुजुर्गों एवं बच्चों का खास ख्याल रखने की जरूरत है। सभी को अलर्ट रहने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं अगले सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बारिश एवं ठंडी हवाएं चलने का अंदेशा है।
देहरादून में दिन में धूप, रात में ठिठुरन
देहरादून में शुक्रवार को दिन के वक्त अच्छी धूप निकल रही है। इसी कारण दिन के वक्त ठंड का अहसास कम हो रहा है, लेकिन रात को ठंड से ठिठुरन बढ़ गई है। दून का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया।
रुड़की में कोहरा छाए रहने से छूटी कंपकंपी
सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिन में धूप में राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान बीस डिग्री के नीचे आ गया है। नवंबर में कुछ दिन सुबह कोहरा पड़ा था। अब तक दिसंबर में सुबह-शाम तो ठंड थी, लेकिन दिन में चटख धूप निकल रही थी।
दिन में बहुत अधिक देर तक लोग धूप में नहीं बैठ पा रहे थे। पंद्रह दिसंबर बीतने के साथ ही ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। शुक्रवार को सुबह से पूरे रुड़की क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। दोपहर बारह बजे तक भी इसका असर कम नहीं हुआ। धूप तो निकली रही, लेकिन सर्दी का असर इसे बेअसर करता रहा।
दिन में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। लोग टोपी, माफलर और अन्य गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकले। सरकारी दफ्तरों में काम के लिए पहुंचे लोग बाहर धूप में राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। इस दौरान ठंडी हवा चलती रही। दुपहिया वाहन चालकों को इससे खासतौर से परेशानी उठानी पड़ी। बाजारों में गर्म कपड़ों की डिमांड भी बढ़ने लगी है।
शाम पांच बजे बाद फिर से ठंड का असर ज्यादा शुरू हो गया। ठंड बढ़ने से शाम को आवाजाही भी बाजारों में कम नजर आई। आईआईटी रुड़की स्थित कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार शुक्रवार को रुड़की में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 2.4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम सात डिग्री था।
जाड़े के इस सीजन में पहली बार छाया घना कोहरा
लक्सर। इस सीजन में पहली बार घना कोहरे ने दस्तक दी है। सुबह करीब नौ बजे तक धुंध पड़ने की वजह से लोगों को सड़क पर वाहन चलाने में परेशानी हुई। बाद में धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। ग्रामीण नरेश चौधरी, गुरुदीप सिंह, सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार सर्दियों का सीजन पहले की तरह ठंडा नहीं है। अब पाला पड़ना शुरू हो गया है। किसान देवेंद्र कुमार महक सिंह नवाब अली ने बताया कि जिन किसानों ने पिछले दो सप्ताह के भीतर गेहूं की बुवाई की है। उनकी फसल को पाला पड़ने से लाभ होगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal