गुजरात के राजकोट में जंगलेश्वर क्षेत्र में महानगर पालिका ने 1500 अवैध घरों पर बुलडोजर चलाया। यह बस्ती अपराधियों का गढ़ बन चुकी थी, जहां हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और ड्रग्स तस्करी जैसे अपराध होते थे।
गुजरात के राजकोट में सरकारी जमीन पर बसी अवैध बस्ती जंगलेश्वर के करीब पंद्रह सौ घरों पर सोमवार को महानगर पालिका ने बुलडोजर चला दिया। यह बस्ती अपराधियों की शरणस्थली बन चुकी थी। अतिक्रमण रोधी इस कार्यवाही के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि यह क्षेत्र अपराधियों की शरणस्थली बन गया था। यहां से हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, मारपीट, ड्रग्स की तस्करी में शामिल अपराधियों की धरपकड़ की गई थी। उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने चेताया है कि सरकारी जमीन पर गुजरात में कही पर भी अतिक्रमण कर गैरकानूनी गतिविधियां की गईं तो सरकार त्वरित सर्वे कराकर कार्रवाई करेगी।
जुआ के 65 अड्डे
संघवी ने बताया कि लंबे समय से राजकोट के जंगलेश्वर में अपराधी तत्वों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि बीते दस वर्षों से इस इलाके में जुआ के 65 अड्डे पकड़े गए।
किस मामले में कितने आरोपी?
बीते कुछ वर्ष में जंगलेश्वर क्षेत्र से हत्या का प्रयास करने के आठ आरोपित, दुष्कर्म के 15 मामलों में 19 आरोपित, मारपीट व अशांति फैलाने के 68 आरोपित पकड़े गए। पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने राज्य सरकार से मांग की है कि इन परिवारों को उजाड़ने से पहले उन अधिकारियों पर कार्यवाही की जानी चाहिए जिनके कारण ये अतिक्रमण किये गये।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal