गर्मी का कहर जारी, पारा 45 डिग्री के पार… कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

बारिश से मिली थोड़ी राहत के बाद अब पारा फिर से चढ़ने लगा है। रविवार को दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।

इस सीजन में पहली बार भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार से शुक्रवार तक कुछ अलग-थलग इलाकों में लू की स्थिति के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें पारा 43°C तक पहुंचने की संभावना है।

41 से 40 पहुंचा पारा

शुक्रवार को दिल्ली में इस मौसम का सबसे ज्यादा तापमान 41°C दर्ज किया गया, लेकिन शाम होते ही मौसम बदल गया और शहर में जोरदार बारिश, बिजली कड़कने के साथ-साथ तेज हवाएं चलने लगीं। शनिवार को पारा 40°C से नीचे गिर गया, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही।

इन राज्यों में बढ़ेगा तापमान

रविवार को उत्तरी दिल्ली में रिज ऑब्जर्वेटरी 41.8°C तापमान के साथ सबसे गर्म जगह रही, जिसके बाद उत्तर-पश्चिमी दिल्ली का मुंगेशपुर (41°C) दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगातार चलने वाली गर्म उत्तर-पश्चिमी हवाओं और ज्यादा देर तक धूप रहने की वजह से अगले कुछ दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में तापमान बढ़ने की संभावना है।

आने वाले दिनों में कितना रह सकता है तापमान?

सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 से 42°C के आसपास रहने का अनुमान है, लेकिन बुधवार से शुक्रवार तक यह 41 से 43°C के बीच रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिक कृष्ण मिश्रा ने बताया, “एक पश्चिमी विक्षोभ, जिसके कारण हिमालयी क्षेत्र में बारिश हुई थी रविवार को आगे बढ़ गया। एक और पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से हिमालय को प्रभावित कर सकता है, लेकिन चूंकि यह कमजोर होगा तो इसलिए अगले सात दिनों के दौरान दिल्ली को गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है।”

लू का प्रकोप रहने की संभावना

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली के किसी एक स्टेशन पर सोमवार को लू की स्थिति देखी जा सकती है और 22 अप्रैल से कुछ अलग-अलग इलाकों में लू का प्रकोप रहने की संभावना है।

मौसम विभाग कब करता है हीटवेव की घोषणा?

मौसम विभाग किसी दिन को ‘हीटवेव’ वाला दिन तब मानता है, जब उस दिन का अधिकतम तापमान कम-से-कम 40°C हो और सामान्य तापमान से 4.5°C या उससे ज्यादा हो। अगर अधिकतम तापमान 45°C तक पहुंच जाता है तो भी हीटवेव घोषित कर दी जाती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com