पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के घर की दीवारों को फांद कर उन्हें गिरफ्तार करने वाले अधिकारी सहित 28 सीबीआई अधिकारियों को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल आईएनएक्स मीडिया मामले में चिदंबरम को गिरफ्तार करने वाले डिप्टी एसपी रामास्वामी पार्थसारथी को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। पार्थसारथी ने ही चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को भी गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई के संयुक्त निदेशक धीरेंद्र शंकर शुक्ला को भी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक दिया गया है।
उन्होंने मुंबई के पत्रकार जे डे की हत्या की सफलतापूर्वक जांच की और संयुक्त अरब अमीरात से भारतीय नागरिक रोशन अंसारी को भारत लाने वाली टीम का नेतृत्व किया। उन्होंने गुरमीत राम रहीम के अनुयायियों से जुड़े मामले की भी जांच की थी।विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में बिनय कुमार, मनोज वर्मा, निर्भय कुमार, रवि नारायण त्रिपाठी, मुकेश वर्मा, नितेश कुमार, बरुण कुमार सरकार, नारायण चंद्र साहू, नंद किशोर, नूर अली शेख और रोहिताश कुमार धिनवा शामिल हैं।
वहीं राष्ट्रपति ने सेना को 409 वीरता पुरस्कारों से सम्मानित करने पर मुहर लगाई है। इनमें आतंकियों को धूल चटाने वाले सेना के छह जांबाजों समेत 9 लोगों को शौर्य चक्र दिया गया है।वहीं, थल सेना, नौसेना व वायुसेना के 28 सूरमाओं को परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 को उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 को अति विशिष्ट सेवा मेडल, 10 को युद्ध सेवा मेडल दिया गया है। उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी, सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह और एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद दत्ता समेत 28 अफसरों को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal