खाड़ी में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित, 2084 से अधिक वापस लाए

केंद्र सरकार ने रविवार को बताया कि खाड़ी एवं पश्चिम एशिया क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है।

बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय ने जहाजरानी महानिदेशालय के जरिये अब तक 2084 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी में मदद की है, जिसमें पिछले 24 घंटों में वापस लाए गए 75 नाविक शामिल हैं।

तालमेल बनाए हुए है मंत्रालय
एक बयान के अनुसार, पूरे देश में बंदरगाहों का कामकाज सामान्य है। जहाजरानी मंत्रालय नाविकों की भलाई और निर्बाध समुद्री परिचालन सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री हितधारकों के साथ लगातार तालमेल बनाए हुए है।

जहाजरानी नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे चालू है। शुरुआत के बाद से इसमें 6053 कॉल और 12,787 से अधिक ईमेल आए हैं। पिछले 24 घंटों में ही 80 कॉल और 112 ईमेल मिले हैं। पूरे क्षेत्र में भारत के मिशन भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में हैं और उनकी सुरक्षा व भलाई के लिए मदद एवं परामर्श जारी कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह खाड़ी और पश्चिम एशिया में घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए है। जिन देशों का हवाई क्षेत्र खुला है, वहां से उड़ानें जारी हैं। 28 फरवरी से इस क्षेत्र से लगभग 8,97,000 लोग भारत आ चुके हैं। ईरानी हवाई क्षेत्र बंद है। वहां से आर्मेनिया व अजरबैजान के रास्ते भारतीयों की यात्रा में मदद की जा रही है। इजरायली हवाई क्षेत्र भी बंद है। वहां से भारतीयों को जार्डन व मिस्त्र के रास्ते यात्रा में मदद की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com