घर से एके 47 बरामदगी मामले में बाढ़ कोर्ट ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों लल्लू मुखिया, रणवीर यादव के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया है। इसके साथ ही बाढ़ कोर्ट के आदेश पर कुर्की का वारंट भी जारी किया गया है।

अनंत के घर से बरामद हुआ था AK 47 और हैंड ग्रेनेड
तीन दिन पहले अनंत सिंह के नदावां स्थित पैतृक गांव में उनके घर से एके 47 और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस अनंत सिंह को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। लेकिन, वो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की तमाम कोशिशें कर रही है लेकिन अबतक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
पुलिस को चकमा देकर हुए फरार, जारी किया वीडियो
अपनी फरारी के बाद अनंत सिंह ने एक के बाद एक वीडियो जारी कर कहा था कि वो भागे नहीं हैं, एक दोस्त बीमार है जिसे देखने गए हैं। उन्होंने पुलिस पर बदले की भावना और राजनीति से प्रेरित होकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जल्द ही उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया जा सकता है।
हत्या की साजिश रचने का भी लगा है आरोप,आडियो हुआ था वायरल
बाढ़ के भोला सिंह और उसके भाई मुकेश की हत्या की साजिश रचने के मामले में आरोपित मोकामा विधायक अनंत कुमार उर्फ अनंत सिंह का एक आडियो वायरल हो रहा था जिसके बाद पुलिस ने एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) में उनकी आवाज का नमूना लिया था। इस दौरान विधायक से ‘बुतरू’ और ‘एके-47’ जैसे शब्द बुलवाए गए। अब उनकी आवाज के नमूने का मिलान उनकी ऑडियो क्लिप से किया गया था।
स्पीच मशीन ने विधायक द्वारा बोले गए इन शब्दों पर ‘हरा’ संकेत दिया। इसका मतलब है कि ऑडियो क्लिप अनंत सिंह की आवाज से मिल रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal