कप्तान शै होप की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने गुरुवार रात किंग्सटन में खेले गए पहले टी20 मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने नौ विकेट खोकर 147 रन बनाए। विंडीज टीम 19.2 ओवरों में ये टारगेट हासिल करने में सफल रही।
इसी के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। होप ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और 54 गेंदों पर पांच चौके, दो छक्कों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए।
किंग ने दिया साथ
148 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम के लिए ओपनिंग करने आए ब्रेंडन किंग और होप ने अच्छी शुरुआत की। दोनों ने तेजी से रन बनाए। सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर किंग आउट हो गए। उन्होंने 22 गेंदो पर 37 रन बनाए जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
इसके बाद होप का कोई साथ नहीं दे सका और जल्दी-जल्दी आउट हो गए। शिमरॉन हेटमायर ने नौ गेंदों पर 17 रन बनाए तो वहीं रोस्टन चेज ने 26 गेंदों पर 16 रनों की पारी खेली। रोवमैन पावेल छह गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे और होप के साथ टीम को जीत दिलाकर ही लौटे।
होल्डर और जोसेफ ने ढाया कहर
इससे पहले, जेसन होल्डर और शामर जोसेफ ने अपनी गेंदबाजी से ऐसा कहर ढाया कि श्रीलंकाई टीम बड़ा स्कोर नहीं कर सकी। 43 रनों तक उसने एक भी विकेट नहीं खोया था। इसी स्कोर पर होल्डल ने पाथुम निसंका को बोल्ड कर दिया जो 18 रन बना सके। इसी स्कोर पर होल्डर ने लसिथा क्रॉसपुले को बिना खाता खोले आउट कर दिया। 49 के कुल स्कोर पर पवन रत्नानायके सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए। यहां से श्रीलंकाई पारी लड़खड़ा गई।
कामिंडू मेंडिस और दासुन शानाका ने टीम को कुछ हद तक संभाला लेकिन दोनों के आउट होते ही श्रीलंकाई पारी फिर से चरमरा गई। मेंडिस ने 39 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 51 रनों की पारी खेली। शनाका 22 रन बना सके।
विंडीज के लिए होल्डर और जोसेफ ने तीन-तीन विकेट लिए। रोस्टन चेज ने एक सफलता हासिल की।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal