दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अन्य मैदानी इलाकों में बुधवार की सुबह घना कोहरा देखा गया। इस दौरान विजिबिलिटी काफी कम थी। हालांकि, इसके बावजूद दिल्ली में विमानों का आवागमन सुचारू रूप से जारी है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने इसकी संभावना पहले ही जता दी थी। मौसम विभाग के अनुसार अभी चार दिनों तक उत्तर भारत के लोगों को शीतलहर से राहत नहीं मिलने वाली है। उधर, कई पहाड़ी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि रविवार के बाद ही मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद है। आइएमडी के मुताबिक, ‘शुष्क उत्तरी/उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अगले चार-पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। इससे पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़, और दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की आशंका है।’
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और असम में भी कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।
इधर, चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में अगले दो-तीन दिन भारी वर्षा होने की संभावना है। इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी के चलते लोग सर्तक हो गए हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal