ऑफ-सीजन में AC सर्विस कराने के 5 बड़े फायदे, गर्मियों में फुल कूलिंग की गारंटी!

मौसम बदलने के साथ ही AC सर्विस का सही समय आ गया है। 20 फरवरी से 20 मार्च के बीच AC की सर्विस करवाना फायदेमंद है। इस दौरान मैकेनिक पूरा समय देते हैं, गैस की अच्छे से जांच होती है, सर्विस सस्ती पड़ती है और पार्ट्स भी आसानी से मिल जाते हैं। ऑफ-सीजन सर्विस से गर्मियों में बिना किसी रुकावट के AC का इस्तेमाल सुनिश्चित होता है, जिससे पूरी गर्मी कूलिंग की गारंटी मिलती है।

क्या आपके घर में भी विंडो या स्प्लिट AC लगा हुआ है? अगर हां, तो उसे गर्मी आने से पहले सर्विस करवा लेना समझदारी भरा फैसला हो सकता है। दरअसल मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदल रहा है और उत्तर भारत में तापमान बढ़ने लगा है। ऐसे में आप 20 फरवरी से 20 मार्च के बीच के वक्त में AC की सर्विस करवा सकते हैं जो सर्विस के लिए सबसे सही वक्त माना जाता है।

इस दौरान भीड़ कम होती है और खर्च कम आता है। साथ ही AC की सर्विस बेहतर तरीके से हो पाती है। चलिए ऑफ-सीजन में AC सर्विस कराने के 5 बड़े फायदे जानते हैं…

मैकेनिक देता है फुल टाइम
जहां पीक सीजन यानी अप्रैल से जून में मैकेनिक को रोज 10 से 15 घरों में जाना पड़ता है जिसकी वजह से काम जल्दबाजी में होता है, लेकिन ऑफ-सीजन में बुकिंग कम होने की वजह से मैकेनिक आराम से पूरी जांच कर लेता है और कूलिंग कॉइल की सफाई अच्छे से करता है। साथ ही ड्रेन पाइप की क्लीनिंग, गैस प्रेशर की जांच और वायरिंग और कनेक्शन की चेकिंग भी अच्छे से कर लेता है। इन दिनों जल्दबाजी नहीं होती, इसलिए काम की क्वालिटी बेहतर देखने को मिलती है।

AC गैस की अच्छे से जांच
अक्सर गर्मी के दिनों में अगर मैकेनिक कह दे कि गैस कम है तो लोग उसी वक्त भरने के लिए भी बोल देते हैं, क्योंकि उन्हें तुरंत ठंडी हवा चाहिए होती है, लेकिन सच्चाई ये है कि गैस बिना लीकेज के खत्म नहीं होती। ऐसे में आप ऑफ-सीजन में आराम से दूसरी राय ले सकते हैं और लीकेज टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा फालतू गैस भरवाने से भी बच सकते हैं।

सस्ती पड़ती है सर्विस
ऐसे भी देखा गया है कि फरवरी से मार्च में कंपनियां और लोकल सर्विस प्रोवाइडर डिस्काउंट ऑफर करते हैं। जबकि पीक सीजन में कीमतें बढ़ जाती हैं, वहीं अभी सर्विस चार्ज कम लगता है और गैस रिफिल सस्ती हो जाती है। इसके अलावा इंस्टॉलेशन/रिपेयर पर ऑफर भी मिल सकते हैं।

आसानी से मिल जाते हैं पार्ट्स
अभी सर्विस करवाने पर अगर AC के किसी पार्ट में खराबी निकलती है तो ऑफ-सीजन की वजह से वो आसानी से उपलब्ध हो सकता है। जबकि पीक सीजन में पार्ट्स की कमी हो सकती है और कीमतें बढ़ जाती हैं। कभी कभी तो किसी पार्ट के लिए इंतजार भी करना पड़ सकता है।

गर्मियों में नहीं कोई टेंशन
कुछ लोग तो ऐसे भी हैं जो AC को पहली बार तेज गर्मी के मौसम में ही ऑन करते हैं और तभी उसमें दिक्कत सामने आती है। जैसे AC ठंडा नहीं कर रहा या पानी टपक रहा है या फिर अचानक बंद हो रहा है तो ऑफ-सीजन सर्विस से आपका AC पूरे सीजन के लिए तैयार हो जाता है और गर्मियों में बिना रुकावट के आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com