मध्य प्रदेश के रेलवे यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के 13 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए गए 75 रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन का हिस्सा है। मध्य प्रदेश में विदिशा, सांची, अशोकनगर, शिवपुरी, ब्यौहारी, भिंड, हरपालपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, जुन्नारदेव, बालाघाट, छिंदवाड़ा और नैनपुर स्टेशन इस योजना के तहत तैयार किए गए हैं।
क्या बदला स्टेशनों पर
पुनर्विकास के दौरान स्टेशनों पर आधुनिक स्टेशन भवन, आकर्षक प्रवेश द्वार, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, एलईडी डिस्प्ले, सीसीटीवी निगरानी, ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था, चौड़े फुटओवर ब्रिज, दिव्यांगजन के लिए रैंप, लिफ्ट और कई स्टेशनों पर एस्केलेटर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन परिसरों में बेहतर पार्किंग, वाहन आवागमन की नई व्यवस्था और हरित क्षेत्र भी बनाए गए हैं।
स्थानीय पहचान को मिला स्थान
अमृत भारत स्टेशन योजना की खासियत यह है कि हर स्टेशन को उस क्षेत्र की संस्कृति, इतिहास और विरासत के अनुरूप विकसित किया गया है। सांची स्टेशन में बौद्ध धरोहर की झलक, विदिशा की ऐतिहासिक पहचान और अन्य स्टेशनों में स्थानीय स्थापत्य व कला को भवनों के डिजाइन में शामिल किया गया है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर उतरते ही उस शहर की सांस्कृतिक पहचान का अनुभव होगा।
यात्रियों को होंगे ये बड़े फायदे
टिकट, प्रतीक्षालय और प्लेटफॉर्म तक पहुंच पहले से आसान होगी।
दिव्यांग, बुजुर्ग और महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
डिजिटल सूचना प्रणाली से ट्रेनों की जानकारी तुरंत मिलेगी।
स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में यात्रा का अनुभव बेहतर होगा।
पार्किंग और स्टेशन परिसर के सुव्यवस्थित होने से जाम की समस्या कम होगी।
स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार और व्यापार बढ़ेगा।
पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal