बिहार में गोपालगंज जिले के गंडक नदी पर स्थित मंगलपुर-विशुनपुर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल पर मरम्मत एवं सुरक्षात्मक कार्य के कारण 30 जुलाई 2026 को सुबह 6:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्य प्रमंडल, चंपारण (मोतिहारी) द्वारा पुल के मरम्मत कार्य के लिए जिला प्रशासन से यातायात अवरोध की अनुमति मांगी थी। पुल की मरम्मत हाइड्रोलिक जैक की सहायता से की जाएगी, जिसके दौरान पुल के एक हिस्से को अस्थायी रूप से ऊपर उठाया जाएगा। कार्य की संवेदनशीलता एवं सुरक्षा को देखते हुए इस अवधि में पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णत: बंद रखना आवश्यक है।
जिला प्रशासन ने जनहित एवं कार्यहित को ध्यान में रखते हुए 30 जुलाई को निर्धारित छह घंटे के लिए यातायात बंद रखने की स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रमुख स्थानों पर रूट परिवर्तन संबंधी सूचना एवं संकेतक लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से जानकारी मिल सके और जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, जिससे मरम्मत कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal