आज गर्मी से राहत के आसार, देहरादून-टिहरी समेत आठ जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को आज राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन यह राहत अपने साथ मौसम की चुनौतियां भी ला सकता है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी समेत राज्य के आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और अंधड़ की चेतावनी दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में मौसम अचानक बदल सकता है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है। इसके अलावा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

बीते दिनों मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में भी गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com