अमेरिका: पत्नी और 6 बच्चों को गोलियों से भूनकर पति ने किया सुसाइड

अमेरिका के मिशिगन में 6 बच्चों के साथ मारी गई महिला ने अपनी मौत से पहले पति पर एक युवा इंटर्न के साथ कथित अफेयर का आरोप लगाया था। उसने रेडिट पर इस अफेयर से उसके रिश्ते पर पड़े असर के बारे में भी लिखा।

रिपोर्ट के अनुसार, 47 साल के क्रिस्टोफर कैरोल्कीविज ने मिशिगन के ग्रैंड हेवन टाउनशिप में अपने घर पर अपनी पत्नी 39 साल की अमांडा मैंडी कैरोल्कीविज और 5 से 15 साल की उम्र के अपने छह बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली। जांचकर्ताओं का यह भी मानना है कि गोलीबारी के बाद घर के अंदर जान-बूझकर कई जगहों पर आग लगाई गई थी।

परिवार के सभी सदस्यों की गोली लगने से हुई मौत

24 जुलाई को आग लगे घर में इमरजेंसी सर्विस वालों को बुलाए जाने के बाद उस जोड़े और उनके बच्चों के शव मिले। सोमवार को ओटावा काउंटी शेरिफ ऑफिस ने पुष्टि की कि परिवार के सभी आठ सदस्यों की मौत गोली लगने से हुई थी और इस मामले को हत्या-आत्महत्या का संदिग्ध मामला बताया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि आग में परिवार के पालतू जानवरों की भी मौत हो गई।

रेडिट पोस्ट में वैवाहिक समस्याओं का किया गया वर्णन

द डेट्रॉइट न्यूज और द हॉलैंड सेंटिनल के अनुसार, मैंडी ने 2024 में रेडिट यूजरनेम MandyK1179 से अपनी शादी के बारे में पोस्ट किया था। पोस्ट में मैंडी ने बताया कि क्रिस्टोफर से उनकी मुलाकात तब हुई थी जब वह इंटर्न के तौर पर काम कर रही थीं। उस समय क्रिस्टोफर उनसे उम्र में बड़े थे और उनका तलाक हो चुका था।

सालों बाद जब वे साथ मिलकर जिंदगी बिता चुके थे और बच्चों की परवरिश कर चुके थे तो मैंडी ने आरोप लगाया कि क्रिस्टोफर का किसी दूसरी इंटर्न के साथ संबंध बन गया था और वह इंटर्न उसी उम्र की थी, जिस उम्र की मैंडी थीं जब वे दोनों पहली बार मिले थे।

‘बच्चों की खातिर की शादी बचाने की कोशिश’

उन्होंने लिखा, “उनका तलाक हो चुका था और वे मुझसे उम्र में बड़े थे। दस साल और पांच बच्चों के बाद वे फिर से इंटर्न के साथ धोखा कर रहे थे। वही उम्र, जो मेरी तब थी जब मैं इंटर्न थी।” उन्होंने लिखा कि एक साल तक खुद को दोष देने के बाद उन्हें आखिरकार एहसास हुआ कि उन्हें अपने पति के कामों का बोझ नहीं उठाना चाहिए। कथित अफेयर के बावजूद उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्य रूप से अपने बच्चों की खातिर शादी बचाने की कोशिश की।

उन्होंने लिखा, “मैं खुद से कहती रही इस समय मैं अपने पति से जितनी नफरत करती हूं, उससे कहीं ज्यादा अपने बच्चों से प्यार करती हूं। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था। साढ़े चार साल बाद अब हम बेहतर स्थिति में हैं लेकिन रिश्ते को अच्छा बनाए रखने के लिए अभी भी संघर्ष करना पड़ता है। उनमें हमेशा से ही कुछ गंभीर कमियां थीं, जिन्हें मैंने नजरअंदाज कर दिया था। वे एक ऐसे टॉक्सिक पारिवारिक माहौल में पले-बढ़े थे जहां हर बात पर झूठ बोलने को बढ़ावा दिया जाता था।”

मैंडी ने यह भी दावा किया कि पति के गुप्त व्यवहार को पकड़ने के बाद दंपति ने वैवाहिक परामर्श लिया। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अपने पति को धक्का देने का वर्णन किया, जब उन्हें इस संबंध का पता चला और कहा कि वह मानसिक रूप से टूट गई थी और उसने सहज प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने लिखा, “जब हाल ही में उसे फिर से कुछ छिपकर करते हुए पकड़ा गया तो मैंने जोर दिया कि वह दोबारा अकेले काउंसलिंग ले और हमने पहली बार मैरिज काउंसलिंग भी शुरू की। सब कुछ बहुत उलझन भरा है क्योंकि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी और आपसी तालमेल सच में बहुत अच्छा है, बस कभी-कभी वह अचानक कुछ छिपकर हरकतें करने लगता है।”

पति की छूट गई नौकरी

जांचकर्ताओं ने बताया कि हत्याओं से कुछ दिन पहले ही क्रिस्टोफर कैरोल्कीविज की अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन में नौकरी खत्म हो गई थी। वह इस संस्था में सेल्स और मार्केटिंग के वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम कर चुके थे।

बैंकिंग और इंश्योरेंस के क्षेत्रों में काम करने के बाद मैंडी ने ग्रैंड हेवन एरिया पब्लिक स्कूल्स डिस्ट्रिक्ट में सब्स्टिट्यूट टीचर के तौर पर काम किया। इस कपल ने एक बेवरेज कंपनी में मुलाकात के बाद अगस्त 2009 में शादी की थी। मौत से पहले वे लगभग 17 साल तक साथ रहे थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com