अमेरिका के इडाहो में एक फास्ट-फूड रेस्तरां में गोलीबारी

अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में एक ‘इन-एन-आउट’ रेस्तरां में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार दोपहर को एक बंदूकधारी ने रेस्तरां में अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस दर्दनाक हमले में 3 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य लोग घायल हो गए। हमलावर ने बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय पुलिस अधिकारियों और सीबीएस न्यूज ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की।

पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने बताया कि हमलावर की पहचान 24 वर्षीय चैड विलियम्स के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही खुद को गोली मारने से मौत हो गई। बता दें कि यह खौफनाक वारदात शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग जान बचाने के लिए पार्किंग एरिया से भागते हुए नजर आए और गोलियों की आवाजें सुनाई दीं।

पुलिस और एक नागरिक की बहादुरी

पुलिस प्रमुख ने बताया कि एक ऑ-ड्यूटी पुलिसकर्मी और एक स्थानीय नागरिक ने तुरंत बहादुरी दिखाते हुए हमलावर का सामना किया और उससे गोलीबारी की। पुलिस का मानना है कि इन दोनों के साहसी कदम की वजह से हमलावर वहां से पीछे हटने पर मजबूर हुआ, जिससे और अधिक लोगों की जान बच गई।

सेंट ल्यूक मैजिक वैली मेडिकल सेंटर के अनुसार, 2 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, 2 लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और 3 अन्य की स्थिति स्थिर है। इसके साथ ही ‘इन-एन-आउट’ की अध्यक्ष लिंसी स्नाइडर ने दुख जताते हुए पुष्टि की कि मृतकों में उनकी एक महिला कर्मचारी भी शामिल हैं, जो ग्राहकों की सेवा कर रही थीं।

पुलिस और जांच एजेंसियां क्या कर रही हैं?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावर के परिवार वाले जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे असल वजह क्या थी। स्थानीय पुलिस की मदद के लिए फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के एजेंट भी मौके पर पहुंच चुके हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com