पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बेहला इलाके में गुरुवार (8 अप्रैल) को होने वाले बॉलीवुड सुपरस्टार और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती के रोड शो को पुलिस ने अचानक रद्द कर दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया। वहीं, मिथुन ने कहा कि टीएम को हार का डर सता रहा है। ऐसे में वह तरह-तरह की तिकड़म लगा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता पुलिस ने भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती के रोड शो को रद्द कर दिया। साथ ही, इसके लिए कोई भी वजह नहीं बताई, जिससे भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे। अभिनेत्री से नेता बनीं श्रावंती चटर्जी ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। बता दें कि श्रावंती बेहला विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।
रोड शो रद्द किए जाने पर मिथुन चक्रवर्ती ने निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमें चुनाव अभियान से रोकने के लिए तरह-तरह के तरीके आजमाने के बाद भी तृणमूल कांग्रेस अपना नुकसान कम नहीं कर पाएगी। क्या सरकार को अपनी हार का डर सताने लगा है? मिथुन ने कहा कि मैं आज करीब 37 रैलियां कर चुका हूं।
मैं रोड शो रद्द करने का कारण जानना चाहता हूं। क्या आपने कभी हमारी तरह से हिंसा की शुरुआत होते देखी? हर बार उनकी तरफ से हिंसा हो रही है। ऐसे में हमसे कानून व्यवस्था को क्या दिक्कत हो रही है?
भाजपा के सूत्रों ने बताया कि बेहला विधानसभा क्षेत्र में बॉलीवुड सुपरस्टार के लिए डोर-टु-डोर चुनाव अभियान की इजाजत ली गई थी, जिसे पुलिस ने बुधवार (7 अप्रैल) रात अचानक रद्द कर दिया। इसके अलावा रोड शो की इजाजत भी कैंसल कर दी गई। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने कोई टिप्पणी नहीं की।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
