बलिया जिले के दुर्जनपुर गांव में गुरुवार कोटा आवंटन के लिए बुलाई गई बैठक में गोली मारने से मौत के मामले में पक्ष और विपक्षी दलों की राजनीति तेज हो गई है। बैरिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कल भी बयान दिया था।

शुक्रवार को मुख्य आरोपी बीजेपी कार्यकर्ता धीरेंद्र सिंह को लेकर बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बयान जारी किया है। जारी वीडियों में उन्होंने कहा कि धीरेंद्र सिंह अगर आत्मरक्षा में गोली नहीं चलाता तो उसके परिवार के दर्जनों लोग मारे जाते। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे पक्ष के कई लोग बुरी तरह घायल हैं, तो उनकी बात भी सुनी जानी चाहिए।
बीजेपी विधायक ने कहा कि अगर धीरेंद्र सिंह ने आत्मरक्षा में गोली नहीं चलाई होती तो उसके परिवार के दर्जनों लोग मारे जाते तब पुलिस प्रशासन इसे कैसे देखता। मेरा बैरिया की जनता से और प्रशासन से यही कहना है कि इस घटना की निंदा की जानी चाहिए, लेकिन न्याय पक्ष को भी सामने रखना चाहिए।
जिसने जिस अंश में गलती की है, उसे सजा मिलनी चाहिए। अगर गोली किसी ने मारी है तो उसे भी दंड मिले। लेकिन जिन लोगों ने लाठी से डंडों से मारकर 6-6 लोगों को घायल किया है उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि जो घटना हुई है वह निंदनीय है, लेकिन पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आत्मरक्षा के लिए ही शस्त्र लाइसेंस मिलता है। अगर धीरेंद्र सिंह ने आत्मरक्षा में गोली चलाई है, तो गलत काम जरूर है। लेकिन उनके सामने मरने और मारने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। शायद इसी परिस्थिति में यह निर्णय लिया है। लेकिन हम इस निर्णय को अच्छा नहीं मानते हैं। जो घटना हुई है, उसके लिए हम दुख प्रकट करते हैं, लेकिन प्रशासन से आग्रह है कि वो दोनों पक्षों को देखे।
दरअसल, रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में गुरुवार को कोटे की दुकान के आवंटन को लेकर हुए गोलीकांड में पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। घटना में मारपीट व गोली चलने से जयप्रकाश उर्फ गामा पाल की मौत हो गई थी।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के घर पर गुरुवार की देर रात छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान उसके घर पर हत्यारोपित के करीबी माने जाने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने तोड़फोड़ करने का पुलिस पर आरोप लगाया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal