फिल्मों के शौकीन हैं, तो एक बार जरूर घूम आएं हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी

फिल्म बाहुबली का महिष्मती साम्राज्य हर किसी को याद होगा। इस जगह की भव्यता अपने आप में बेहद खास थी, जिसे देखकर हर किसी का मन एक बार वहां जाने को जरूर करता है। सिनेमा के पर्दे पर दिखने वाली रंगीन दुनिया को करीब से जीने की चाहत हर किसी की होती है।

मेरी यह इच्छा पूरी हुई, जब मुझे हैदराबाद स्थित दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी- रामोजी फिल्म सिटी जाने का मौका मिला। इस दौरान न सिर्फ मुझे फिल्मों में दिखाई गई जगहों को करीब से देखने का मौका मिला, बल्कि यहां के खास ‘फेस्टिव कार्निवल’ का हिस्सा बनने का भी मौका मिला।

हरियाली और फूलों से भरा माहौल
यहां पहुंचने का मेरा अनुभव किसी सपने जैसा था। सुबह की ताजगी के साथ जैसे ही मैंने इस विशाल परिसर में कदम रखा, चारों तरफ फैले हरे-भरे पेड़-पौधे और रंग-बिरंगे खूबसूरत फूलों ने मेरा स्वागत किया। ऐसा लगा मानो किसी फिल्म का सबसे खूबसूरत ओपनिंग सीन मेरी आंखों के सामने जीवंत हो उठा हो।

मेरी इस रोमांचक यात्रा को और भी खास बनाया हमारी टूरिस्ट गाइड इंद्रानी ने। इंद्रानी के पास इस जगह से जुड़े इतने दिलचस्प किस्से और जानकारियां थीं कि हर मोड़ पर सिनेमा से जुड़ा एक नया पहलू खुलता चला गया। सफर के दौरान जब हमारी बस हवा महल की हूबहू प्रतिकृति के सामने से गुजरी, तो एक पल के लिए ऐसा लगा कि मैं हैदराबाद में नहीं, बल्कि जयपुर की गलियों में खड़ी हूं। हुबहू वैसी ही कारीगरी कि कैमरे और आंखों में फर्क कर पाना मुश्किल था।

गजब का था करिश्मा गार्डन
इसके बाद इंद्रानी हमें ‘करिश्मा गार्डन’ ले गईं, और यहां की खासियत जानकर मैं दंग रह गई। यह कोई आम बगीचा नहीं है; यहां खास तौर पर अभिनेत्रियों की ड्रेस से मैचिंग फूल उगाए जाते हैं! सोचिए, फिल्म के एक परफेक्ट शॉट के लिए किस स्तर की बारीकी पर काम किया जाता है- जहां प्रकृति के रंगों को भी किरदारों के परिधानों के साथ पिरोया जाता है।

आगे बढ़ते हुए मैंने ताजमहल और स्वर्ण मंदिर की भव्य प्रतिकृतियां देखीं। एक ही छत के नीचे भारत की इतनी विविध और ऐतिहासिक धरोहरों को देखना किसी अजूबे से कम नहीं था। यह जगह सचमुच ‘लैंड ऑफ एक्सपीरियंस’ यानी अनुभवों की ऐसी धरती है, जो सिर्फ घूमने की जगह नहीं बल्कि मनोरंजन और सिनेमाई दृश्यों से भरा खुद में एक पूरा संसार है।

मेरे इस सफर में रोमांच तब और बढ़ गया जब मैंने यहां मौजूद बाहुबली सेट को करीब से देखा, और फिर अगले ही पल एक असली दिखने वाली सेंट्रल जेल पहुंच गई, जहां बॉलीवुड की कई मशहूर फिल्मों की शूटिंग हुई है।

रामोजी फिल्म सिटी की भव्यता सिर्फ इसके सेट्स तक सीमित नहीं है। तकनीकी रूप से भी यह किसी से पीछे नहीं है। यहां मौजूद दुनिया के बेहतरीन साउंड सिस्टम का अनुभव करना रोंगटे खड़े कर देने वाला था। इसके साथ ही, यह देखकर बेहद अच्छा लगा कि प्रबंधन इस पूरी फिल्म सिटी को ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने के लिए नई तकनीकों पर लगातार काम कर रहा है, ताकि आने वाले समय में भी सिनेमा और पर्यटन का यह संगम दर्शकों को चौंकाता रहे।

फेस्टिव कार्निवल ने मोह लिया मन
शाम ढलते-ढलते जब फेस्टिव कार्निवल की रोशनी जगमगाने लगी, संगीत गूंजने लगा और कलाकारों की परफॉर्मेंस शुरू हुई, तो मुझे एहसास हुआ कि रामोजी फिल्म सिटी सिर्फ ईंट-पत्थरों से बना कोई स्टूडियो नहीं है। यह सपनों, रचनात्मकता और यादों का एक ऐसा पिटारा है, जहां से लौटते वक्त आपके पास ढेर सारी तस्वीरें ही नहीं, बल्कि जिंदगी भर संजो कर रखने वाले अनगिनत अनुभव होते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com