खजनी के भीटी खोरिया गांव से होली के दिन लापता हुए 30 वर्षीय युवक की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। सुबह गेहूं के खेत में उसका शव मिलने पर सनसनी फैल गई। अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर खजनी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों की सूचना पर पिता पहुंचे और किया शिनाख्त
भीटी खोरिया निवासी विजय नाथ पांडेय का तीसरे नंबर का बेटा उमेश पांडेय कुछ समय पहले विदेश गया था। लाकडाउन के समय वह लौट आया और तब से गांव पर ही था। सोमवार की सुबह सात बजे उमेश घर से निकला। दोपहर तक वापस न आने पर परिवार के लोगों ने तलाश शुरू कर दी लेकिन पता नहीं चला। इससे परिवार के सदस्य काफी परेशान हो गए। उन्होंने कई लोगों से उमेश के बारे में जानकारी ली। सुबह गांव के लोगों ने गेहूं के खेत में एक युवक का शव देखा। इसकी जानकारी होने पर विजय नाथ पांडेय भी मौके पर पहुंच गए और उसकी पहचान उमेश के रूप में की। सूचना पर खजनी थानेदार मृत्युंजय राय भी मौके पर पहुंचे व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किसी के साथ नहीं थी दुश्मनी
परिवार के लोग किसी के साथ दुश्मनी होने से इन्कार कर रहे हैं। खजनी थानेदार मृत्युंजय राय ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। उमेश चार भाइयों में तीसरे का नंबर का था। परिवार के सदस्य काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि जब उमेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी तो उसकी हत्या आखिर कैसे हो गई। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता पूर्वक जांच कर रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal