महाराष्ट्र में इस वर्ष नवरात्र और दशहरा के उल्लास में खूब गाड़ियां बिकीं। गत 10 दिनों (22 सितंबर से 2 अक्तूबर) के दौरान 1,15,125 नए वाहन पंजीकृत हुए, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (1,07,226) की तुलना में 7.37% अधिक है। इनमें 70,381 दोपहिया और 29,909 कारें शामिल हैं। पिछले साल 71,428 दोपहिया और 22,817 कारें पंजीकृत हुई थीं। जीएसटी दरों में हालिया कटौती के चलते वाहन अधिक किफायती हुए, जिससे मांग और पंजीकरण में वृद्धि दर्ज की गई।
किस जिले या आरटीओ के पास कितने आवेदन
पुणे आरटीओ ने इस बार सबसे ज्यादा 13,885 वाहनों (7,833 दोपहिया, 4,635 कार) का पंजीकरण किया, जबकि पिंपरी चिंचवाड़ दूसरे स्थान पर रहा 9,194 वाहनों (4,891 दोपहिया, 3,608 कार) के साथ। पिछले साल पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में क्रमशः 13,671 और 7,793 वाहनों का पंजीकरण हुआ था।’
देश की आर्थिक राजधानी में दिखी उदासीनता
मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में हालांकि कोई खास बढ़ोतरी नहीं दिखी। यहां पंजीकरण घटकर 29,254 रह गया, जबकि पिछले साल यह 30,688 था। ग्रेटर मुंबई में भी मामूली गिरावट रही—इस साल 12,216 वाहन बनाम पिछले साल 12,303। ठाणे आरटीओ ने 4,112 और कल्याण ने 3,904 वाहन पंजीकृत किए। मुंबई में वडाला आरटीओ 3,668 वाहनों के साथ सबसे आगे रहा।