नौतपा के आठवें दिन मौसम विभाग ने हरियाणा के 9 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रादौर, थानेसर, पेहोवा, शाहाबाद, अंबाला, बराड़ा, जगाधरी, छछरौली, नारायणगढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40KM/H की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
बता दें कि हरियाणा का सिरसा लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी देश में सबसे गर्म रहा। यहां ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मैनुअल स्टेशन पर यह 47.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ सहित हरियाणा के हिसार, रोहतक, सिरसा, अंबाला, नारनौल, पानीपत में लू से हालात खराब हैं। हरियाणा में दिन का औसत पारा सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा रहा।
हरियाणा में 12 साल बाद ऐसी स्थिति है, जब मई सबसे सूखा रहा। 1 से 31 मई तक प्रदेश में 4.2MM बारिश हुई है, जो सामान्य से 79% कम है। इससे पहले साल 2013 में 1.4MM बारिश हुई थी। रात के तापमान में 2.7 डिग्री की कमी आई है। यह सामान्य से 2.2 डिग्री तक ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज और कल कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। 3 जून तक मौसम में परिवर्तन जारी रह सकता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal