हम यूपी में सच के साथ चलकर 2022 के विधानसभा चुनाव में 350 से ज्यादा सीटें जीतेंगे: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी के 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में हम 351 सीटें जीतेंगे। 22 (2022) में सिर्फ बाइसिकिल ही चलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग झूठ फैलाकर 300 से ज्यादा सीट जीत सकते हैं। हम सच के साथ चलकर 350 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

अखिलेश यादव लखनऊ के सपा कार्यालय में अलग-अलग दलों से आए नेताओं का स्वागत करने के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि आज समाजवाद को लेकर नई-नई परिभाषाएं गढ़ी जा रही हैं।

भाजपा के लोग समाजवाद से घृणा करते हैं। वो लोगों की तरक्की और खुशहाली से डरते हैं। ये ध्यान रखें जो लोग समाजवाद से डरते हैं वो मानवता से डरते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा संविधान देश के सभी नागरिकों को अधिकार व सम्मान देता है। भाजपा के लोग संविधान को नहीं मानते हैं। वो संविधान पर हमला कर रहे हैं। समाजवाद हमारे देश को तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का काम करता है।

हमने लोगों को जो लैपटॉप दिए वो अभी तक काम कर रहे हैं लेकिन इन्होंने ऐसे शौचालय दिए कि अंदर जाएं तो उसके ऊपर ही दीवार गिर जाए। भाजपा का विकास भी ऐसा ही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि अभी कुछ दिनों बाद भाजपा के लोग कहेंगे कि उन्होंने कोरोना वायरस को नहीं फैलने दिया। मैं आपको बता दूं कि हमारे यहां आए हुए लोगों को कभी कोरोना वायरस नहीं हो सकता।

अखिलेश यादव ने बसपा से सपा में आए बलिहारी बाबू, अनिल अहिरवार सहित अलग-अलग दलों से आए नेताओं का स्वागत किया और कहा कि हमें इन सभी के अनुभवों का लाभ मिलेगा और हम 2022 के विधानसभा चुनाव में 351 सीटों के साथ सरकार बनाएंगे और प्रदेश को तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ले जाएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com