पंजाब के मोगा में अज्ञात युवकों ने डीसी ऑफिस की छत पर खालिस्तानी झंडा फहरा दिया। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह तक शुक्रवार को मोगा में हुई उक्त घटना की जानकारी पहुंचा दी गई है। इसके चलते जल्द ही खालिस्तानी एक्टिविटी के खिलाफ मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के लोगों को संबोधित कर सकते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मोगा में फिरोजपुर लुधियाना रोड पर स्थित मिनी सचिवालय में शुक्रवार सुबह तीन अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए। एक युवक बाहर खड़ा रहा और दो युवक सचिवालय में डीसी ऑफिस की छत पर खालिस्तान का केसरी झंडा लगा आए। साथ ही भारतीय तिरंगा उतारकर अपने साथ ले गए। मामले की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस हरकत में आ गई।
आनन फानन में पुलिस ने खालिस्तानी तिरंगा उतारकर कब्जे में लिया और नया भारतीय तिरंगा वहां फहरा दिया। सचिवायल में साइकिल स्टैंड पर तैनात एक कर्मचारी इस घटना का चश्मदीद है।
पुलिस ने उसे फिलहाल हिरासत में लिया है और मामले में पूछताछ शुरू कर दी है। सचिवालय में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी कब्जे में ले ली गई है। आसपास लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि जस्टिस फॉर सिख के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एलान किया था कि पंजाब में अगर कोई व्यक्ति कहीं पर भी खालिस्तानी झंडा फहराता है तो उसे 2500 डॉलर का इनाम दिया जाएगा।
अगर कोई लाल किला दिल्ली जाकर खालिस्तान का केसरी झंडा लहराएगा तो उसे सवा लाख डॉलर का इनाम दिया जाएगा। इस एलान के बाद शुक्रवार को मोगा में उक्त घटना अंजाम दी गई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal