पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। फोर्टिस मोहाली से डिस्चार्ज होने जाने के बाद सीएम मान चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास (मुख्यमंत्री आवास) पहुंचे हैं। बीमार होने के चलते मान छह दिन से फोर्टिस में भर्ती थे। उन्हें बीते शुक्रवार रात को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
तीन दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उनसे मिलने फोर्टिस अस्पताल पहुंचे थे। उनके अलावा पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी सीएम से अस्पताल में मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान एक्शन मोड में आ गए हैं। अपने आवास पर पहुंचते ही सीएम मान ने बाढ़ राहत कार्यों की पूरी जानकारी मांगी है। बाढ़ राहत कार्यों को लेकर शुक्रवार को हाई लेवल मीटिंग भी बुलाई गई है। यह बैठक चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी। बैठक में सभी विभागों के सेक्रेटरी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी जिलों के डीसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक में जुड़ेंगे। पानी उतरने के बाद सफाई और अन्य राहत कार्यों की योजना के बारे में जानकारी साझा की जाएगी।