दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों के प्रचार का शोर भी बढ़ता जा रहा है। पश्चिमी दिल्ली की विकासपुरी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संजय सिंह ने अनोखे तरीके से प्रचार शुरू किया है, जो लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है।

दरअसल पूरे विकासपुरी विधानसभा में सड़कों और गलियों की हालत बहुत खराब है और बरसात होते ही पूरे इलाके में कीचड़ फैल जाता है। संजय सिंह विकासपुरी की कीचड़ से भरी गलियों में कमल का फूल लगा कर लोगों को यह संदेश दे रहे हैं कि अगर वो जीते तो इस समस्या का निवारण करेंगे।
प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों ने संजय सिंह ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिसपर उन्होंने कहा कि, “पूरी विकासपुरी नरकपुरी बनी हुई है। आम आदमी पार्टी के विधायक ने इलाके में कोई काम नहीं किया है। इसका परिणाम ये है कि जो सड़कें पहले की बनी हुई थीं वो भी बिलकुल जर्जर हो चुकी हैं। इसके चलते लोगों का जीना दूभर हो गया है।
उन्होंने कहा कि विकासपुरी को नरकपुरी बनाने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। विकासपुरी की जनता ने ठान लिया है कि इस कीचड़ में इस बार कमल ही खिलेगा, क्योंकि भाजपा सिर्फ वादा ही नहीं करती बल्कि उसको पूरा करके भी दिखाती है।