लोकसभा की पांच सीटें गंवाने पर भाजपा ने बदले जिला अध्यक्ष और प्रभारी

हरियाणा भाजपा ने छह जिलों के जिलाध्यक्ष बदले हैं। जींद, रेवाड़ी, सिरसा, हिसार, कुरुक्षेत्र और कैथल के जिला अध्यक्षों को बदला गया है और नए नेताओं को कमान सौंपी गई है।

लोकसभा चुनाव में पांच सीटें गंवाने के बाद भाजपा ने देर रात बड़ा फेरबदल किया। भाजपा ने शुक्रवार रात हरियाणा के छह जिलाध्यक्षों और चार जिला प्रभारियों को बदल दिया। हटाए गए छह में से पांच जिला अध्यक्ष को पार्टी ने प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया है। भाजपा ने हिसार की जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ की जगह अशोक सैनी, जींद के जिलाध्यक्ष राजू मोर की जगह तेजेंद्र ढुल, सिरसा की जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग की जगह शीशपाल कांबोज, रेवाड़ी के जिलाध्यक्ष प्रीतम चौहान की जगह वंदना पोपली और कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष रवि बतान की जगह सुशील राणा कैथल के जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर के स्थान पर पार्टी ने मुनीश कठवाड़ को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।

वहीं हटाए गए जिला अध्यक्ष आशा खेदड़, राजू मोर, निताशा सिहाग, प्रीतम चौहान और रवि बतान को प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि अशोक गुर्जर को कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में पांच सीटें हारने के पार्टी उम्मीदवारों ने भितरघात का मुद्दा उठाया था। उसके बाद से माना जा रहा था कि जिला अध्यक्षों पर गाज गिर सकती है।

चार जिला प्रभारियों की भी नई नियुक्ति
महेंद्रगढ़ की जिला प्रभारी गार्गी कक्कड़ के स्थान पर शंकर धूपड़, कैथल के जिला प्रभारी मनीष यादव के स्थान पर अमरपाल राणा, जींद के लिए राज्यसभा सदस्य कृष्ण पंवार के स्थान पर प्रो. मदन गोयल और भिवानी की रेणु डाबडा के स्थान पर राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com