कोच्चि का मोटरसाइकिल रेसर जैसलमेर के रेगिस्ताान में भटक गया और बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसकी मौत हो गई। अशोक नाम का मोटरसाइकिल रेसर यहां शनिवार से शुरू हो रही इंडिया बाजा रैली में शामिल होने आया था।
पुलिस के अनुसार अशोक गुरूवार दोपहर बाद रास्ता भटक गया था। उसका शव जैसलमेर से 200 किलोमीटर दूर शाहगढ़ बल्ज इलाके के रेगिस्तान में मिला। शव की तलाश में करीब चार घंटे लग गए। बताया जा रहा है कि इंडिया बाजा रैली के ट्रायल रन के दौरान अशोक रास्ता भटक गया।
आयोजकों ने पुलिस को मामले की जानकारी शुक्रवार को दी। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद अशोक की तलाश शुरू की। मौके पर पुलिस ने पाया कि मोटरसाइकिल गिरी हुई थी और पानी की बोतल खाली थी।