दिल्ली के चुनावी रण में आज पीएम मोदी पहली बार कड़कड़डूमा में एक चुनावी रैली को सम्बोधित कर रहे हैं। यहां पीएम मोदी ने रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि बीते कई दिनों से भाजपा और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता, तमाम उम्मीदवार, कार्यकर्ता और यहां के जागरूक नागरिक, आपके बीच आ रहे हैं, अपनी बात रख रहे हैं। दिल्ली के लोगों के मन में क्या है, ये बताने की जरूरत नहीं, ये आज साफ-साफ दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में दिल्ली के लोगों ने एक-एक वोट से भाजपा की ताकत बढ़ाई। सातों सीटें देकर दिल्ली के लोगों ने बता दिया था कि वो किस दिशा में सोच रहे हैं। देश बदलने में दिल्ली के लोगों ने बहुत मदद की है। अब दिल्ली के लोगों का वोट अपनी दिल्ली को भी बदलेगा। दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं हैं, बल्कि ये हमारे हिंदुस्तान की धरोहर है। ये भारत के भिन्न भिन्न रंगो को एक जगह समेटे हुए एक जीवित परंपरा है। ये दिल्ली सबका स्वागत करती है, सत्कार करती है।
पीएम मोदी ने दिल्ली सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पिछले 5 साल में इतना सारा काम देश में हुआ, गरीबों को रहने के लिए घर मिले, लेकिन दिल्ली की सरकार यहां के गरीबों को रहने के लिए घर नहीं देना चाहती। पीएम आवास योजना यहां की सरकार की वजह से लागू नहीं हो पाई है। 5 साल में 2 करोड़ घर केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए देशभर में बनाए। इसमें से एक भी घर दिल्ली सरकार की वजह से यहां नहीं बन पाया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal