मथुरा जिले के वृंदावन कोतवाली क्षेत्र में सात साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह बच्ची का शव अर्धनग्न हालत में सुनरख गांव के जंगल में पड़ा मिला। आशंका है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पुलिस के अनुसार बच्ची वृंदावन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। वह गुरुवार को जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। इसी दौरान लापता हो गई। परिजन और पुलिस ने रात 10 बजे तक उसे तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई।
शुक्रवार की सुबह वृंदावन स्थित मल्टीलेवल पार्किंग और सुनरख गांव के बीच जंगल में बच्ची का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस के साथ बच्ची के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची की शिनाख्त की। मासूम की हत्या से परिवार से कोहराम मच गया।
बच्ची का शव अर्धनग्न हालत में मिला। इससे उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर, इस वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal