बिहार के मौसम में ठंड फिर बढ़ने लगी है। बीते 24 घंटे के भीतर पटना, गया, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार सुबह भी कई इलाकों में सर्द हवा चलने से ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी बिहार में शीतलहर का एक और चक्र आने की संभावना है। अगले दो दिनों के भीतर राज्य में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा।

राजधानी पटना में शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा औरंगाबाद, रोहतास, गया, शेखपुरा, पूर्वी चंपारण, सीवान, छपरा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, नवादा, भागलपुर और सुपौल में भी रात के पारे में गिरावट हुई। सीवान के जीरादेई में सबसे कम 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो राज्य में अभी ठंड का असर खत्म नहीं होने वाला है। इस महीने के आखिर में और फरवरी की शुरुआत में शीतलहर का एक और दौर आने की आशंका है। 30 जनवरी से कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के आसार हैं। कुछ जगहों पर शीत दिवस यानी कोल्ड डे की स्थिति भी बन सकती है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal