हरियाणा सरकार में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव श्याम सिंह राणा ने किसानों के मुद्दे पर बुधवार को भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। जिसे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने कड़ी टिप्पणी के साथ मंजूर कर लिया है। राणा पूर्व में जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

रादौर से पूर्व विधायक राणा ने धनखड़ को पत्र के जरिये इस्तीफा भेजा था। उन्होंने उसमें लिखा था कि वह किसानों की समस्याओं व मांगों का समर्थन करते हैं, इसलिए भाजपा व सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। उनका इस्तीफा मंजूर किया जाए।
प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने उनके इस्तीफे को मंजूर करते हुए टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि पार्टी किसानों के मुद्दों के सदैव साथ है। मंडियों में एक-एक दाने की खरीद एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर करवा रही है।
आपको पार्टी ने चुनाव लड़वाकर, मुख्य संसदीय सचिव बनाकर बहुत मान-सम्मान दिया। बीते विधानसभा चुनाव में आप पार्टी प्रत्याशी कर्णदेव कंबोज का साथ देने में असमर्थ रहे।
आपकी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं हावी रहीं। आपके लिए यही एकमात्र रास्ता बचा था। आपका इस्तीफा स्वीकार है, भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
याद रहे कि बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राणा को रादौर से टिकट नहीं दिया था। राज्य मंत्री कंबोज मैदान में उतारे गए। राणा सहित कुछ और पूर्व विधायकों के भी सरकार से नाराज होने की खबर है। 5-6 पूर्व विधायकों की बीते दिनों चंडीगढ़ में बैठक भी हुई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal