मुंगेर पुलिस ने ऋतुराज और आर्यन को हथियारों के साथ पकड़ लिया। इतना ही नहीं इन दोनों के साथ नौ अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से तीन पिस्टल, 50 हजार कैश मिले हैं।
इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर रुपेश सिंह मर्डर केस के मुख्य आरोपी ऋतुराज और आर्यन को मुंगेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों हथियार खरीदकर मुंगेर से लौट रहे थे। लेकिन, पुलिस ने दोनों को हथियारों के साथ पकड़ लिया। इतना ही नहीं इन दोनों के साथ नौ अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से तीन पिस्टल, 50 हजार कैश मिले हैं। पुलिसिया पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह लोग किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इसके लिए ही हथियार खरीदने मुंगेर आए थे लेकिन पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर लिया।
किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे
पुलिसिया सूत्रों की मानें तो गिरफ्तार सभी आरोपी सफारी गाड़ी से पटना लौट रहे थे। आशंका है कि यह लोग पटना में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार खरीदने आए थे। इसके लिए एडवांस पेमेंट भी उठा लिया था। लेकिन, मुंगेर पुलिस ने इन्हें वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। सोमवार की रात सभी बांक पंचायत मेन रोड पर हथियार खरीदकर लौट रहे थे।
अचानक पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल करने लगी। इनके पास हथियार देखकर दंग रह गई। पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि ऋतुराज नौबतपुर और आर्यन बख्तियारपुर का निवासी है। वहीं अन्य नौ आरोपी मुंगेर, बेगूसराय, पटना और अन्य जिलों के रहने वाले हैं। मुफस्सिल थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने इनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
ऋतुराज और आर्यन को कोर्ट ने बरी कर दिया था
बता दें कि इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह 12 जनवरी 2021 को पटना एयरपोर्ट से अपनी ड्यूटी कर पटना के पुनाईचक स्थित अपने अपार्टमेंट में जा रहे थे। तभी अपार्टमेंट के गेट पर अपराधियों ने गोलीमार कर उनकी हत्या कर दी थी। पटना पुलिस ने आर्यन और ऋतुराज समेत पांच-छह अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामला कोर्ट में गया। इसके बाद कोर्ट ने सबूतों के अभाव में ऋतुराज और आर्यन को बरी कर दिया था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal