केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को 2029 (के आम चुनावों) में अपनी भूमिका के बारे में पूछ जाने पर कहा कि पिछले 11 वर्षों में जो कुछ भी देखा गया है, वह केवल एक न्यूज रील थी और असली फिल्म अभी बाकी है।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ही अपने कार्यकर्ताओं के लिए जिम्मेदारियां तय करती है और पार्टी उनके लिए जो भी जिम्मेदारी तय करेगी, वह उसे निभाएंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता गडकरी ने मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर एक साक्षात्कार में कहा, ‘अभी तक जो हुआ है, वह तो न्यूज रील थी। असली फिल्म शुरू होना बाकी है।’
‘राजनीतिक बायोडाटा प्रकाशित नहीं किया’
उन्होंने कहा, ‘किसी कार्यकर्ता की क्या जिम्मेदारी होगी और वह क्या काम करेगा, यह पार्टी तय करती है। मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे पूरा करूंगा।’ केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने कभी अपना राजनीतिक बायोडाटा प्रकाशित नहीं किया है और न ही उन्होंने कभी अपनों समर्थकों से हवाईअड्डों पर उनके लिए भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है।
गडकरी ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत इच्छा विदर्भ में किसानों की आत्महत्याओं को रोकने की है। आजकल मैं सड़क कार्यों की तुलना में कृषि और अन्य सामाजिक पहलों पर अधिक काम करता हूं।यह पूछे जाने पर कि भारत की प्रति व्यक्ति आय दुनिया में शीर्ष दस में क्यों नहीं है, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके लिए देश की जनसंख्या जिम्मेदार है।
उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि यह कोई धार्मिक या भाषाई मुद्दा नहीं है। यह आर्थिक मुद्दा है। इतना विकास होने के बावजूद परिणाम दिखाई नहीं दे रहे। इसका कारण बढ़ती जनसंख्या है।