दिल्ली-एनसीआर में 25 जून को दस्तक देने के चंद घंटों के बाद रूठा मानसून अब तक बेरुखी दिखा रहा है, वहीं लोगों का गर्मी और उमस से बुरा हाल है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, रूसा-मनाई के बीच मानसून एक बार फिर दिल्ली से रूठ गया है। 14 जुलाई तक यहां बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। इस दौरान उमस दोबारा बढ़ सकती है। हालांकि, तापमान 40 डिग्री के आसपास ही रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अभी दिल्ली का मौसम कमोबेश ऐसा ही बना रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो तीन डिग्री का इजाफा हो सकता है। शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के
मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि मानसून ट्रफ अब दिल्ली के उत्तर से खिसककर तराई वाले क्षेत्रों में चला गया है, इसलिए अगले चार पांच दिन मौसम शुष्क ही रहेगा। वहीं, मौसम विभाग का एक पूर्वानुमान का यह भी कहता है कि शनिवार से नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर के मौसम का मिजाज बदलेगा और आगामी 14 जुलाई तक बारिश होती रही, इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
इससे पहले बृहस्पतिवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। अलबत्ता, गर्मी के तेवर अपेक्षाकृत हल्के ही रहे। बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 92 से 56 फीसद रहा।
बता दें कि मौसम विभाग ने पिछले महीने ही दिल्ली-एनसीआर में इस बार मानसून के दौरान अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal