राजधानी दिल्ली में अब ठंड का कहर अपने चरम पर है। मंगलवार सुबह 8.30 बजे सफदरजंग इलाके में तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों इसमें और गिरावट होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया था कि दिल्ली में मंगलवार से शीत लहर की स्थिति शुरु हो जाएगी जो कि गुरुवार तक जारी रहेगी। सबसे ज्यादा 31 दिसंबर को ठंड की ठिठुरन रहेगी।
दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के बाद अब बर्फीली हवाओं ने दिल्ली में पहुंचना शुरु कर दिया है। तीन जनवरी से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी लेकिन उसके बाद एक बार फिर ठंड परेशान करेगी।
सोमवार को दिन भर चटक धूप निकली रही थी, लेकिन दिन भर हवाएं चलती रहीं। शाम होते-होते एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उतराखंड, चंडीगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान ना केवल अधिकतम तापमान गिरेगा बल्कि न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही घना कोहरा भी परेशान कर सकता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal