दिल्ली: पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के लिए भाजपा ने 52 ट्रकों में राहत सामग्री भेजी

पंजाब में भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रदेश भाजपा ने रविवार को राहत सामग्री से भरे 52 ट्रकों को रवाना किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि इस कठिन समय में राजनीति से ऊपर उठकर पंजाब की मदद करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर देश का दिल दिल्ली में धड़कता है तो दिल्ली की धड़कन पंजाब में बसती है। पंजाब के अन्नदाता किसानों के साथ पूरी दिल्ली खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संगठन ने यह सीख ली है कि जब भी दुनिया में कहीं विपदा आती है, भारत हमेशा मदद के लिए आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि पंजाब हमारे देश का नवरत्न राज्य है, जिसने हर समय देश को सहयोग दिया है। ऐसे में यह हमारा कर्तव्य है कि उसकी मुश्किल घड़ी में हम हर संभव मदद करें।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी दिल्ली खड़ी है और राहत सामग्री से भरे 52 ट्रकों का काफिला सिर्फ शुरुआत है। आगे भी सेवा लगातार जारी रहेगी। सचदेवा ने बताया कि राहत सामग्री में राशन, दवाइयां, मच्छरदानी, तिरपाल, बर्तन, कंबल, जूते-चप्पल सहित रोजमर्रा की वस्तुएं शामिल हैं।

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पंजाब हमेशा से देश की रक्षा और समृद्धि के लिए खड़ा रहा है, इसलिए आज पूरे देश का फर्ज है कि वह पंजाब की मुश्किल घड़ी में साथ खड़ा हो।

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता से सवाल पूछते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि रेखा गुप्ता जी, आपने दिल्ली को बाढ़ से बचाने के लिए क्या किया।

दिल्ली में जिस दिन भी बारिश आती है, पूरी दिल्ली झील में बदल जाती है, हर जगह जलभराव हो जाता है। रेखा गुप्ता जी, आपने दिल्ली को जलभराव और बाढ़ से बचाने के लिए क्या किया?

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com