अयोध्या में छह नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव में खास अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आ रहीं दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की पत्नी किम जुंग सुक के सम्मान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार रात अपने सरकारी आवास पर भोज देंगे। यह पहला मौका होगा जब अयोध्या की दीपावली की गवाह किसी देश की प्रथम महिला होंगी। उनके साथ ही छह नवंबर को देशभर से अति विशिष्ट हस्तियों का जमावड़ा अयोध्या में होगा। इसमें करीब चार दर्जन वे लोग भी शामिल होंगे जो सुंग के साथ आ रहे हैं। इसके अलावा सरकार और संगठन के करीब तीन दर्जन प्रमुख लोग भी होंगे।
सुंग सोमवार रात करीब सात बजे दिल्ली से लखनऊ आएंगी। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित रात्रि भोज में शामिल होने के बाद वह रात को यहीं रुकेंगी। यहां के होटल ताज विवांता में रात्रि विश्राम करने की व्यवस्था है। छह नवंबर को वह सड़क मार्ग से अयोध्या जाएंगी। रात में लखनऊ के लिए उनकी वापसी भी सड़क मार्ग से ही होगी।
अगले दिन वह यहीं से सियोल (दक्षिण कोरिया की राजधानी) जाएंगी। सुंग के खास मेहमान होने से अयोध्या और कोरिया का करीब 2000 वर्ष पुराना रिश्ता ताजा हो जाएगा। कहा जाता है कि कोरिया के करक राज वंश की पितामही रानी हो अयोध्या की ही राजकुमारी सुरी रत्ना थीं। किम जुंग सुक के आगमन से अयोध्या और दक्षिण कोरिया के पुरातन रिश्तों की मिठास और बढ़ेगी। उनके आगमन को देखते लखनऊ और अयोध्या में व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal