झारखंड में ठंड जानलेवा हो गई है। शनिवार को अलग-अलग जिलों में ठंड से चार लोगों की मौत हो गई। साहिबगंज, लातेहार, रामगढ़ और बोकारो में एक-एक जान गई है।

अभी मौसम यूं ही बना रहेगा और चार दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं। मौसम पूर्वानुमान के तहत रविवार व सोमवार को सुबह में कोहरे की धुंध होगी और बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मंगलवार व बुधवार को बादल छाए रहेंगे। बुधवार को हल्की बारिश भी होगी।
रांची का अधिकतम तापमान 24.7 व न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सामान्य तापमान की अपेक्षा अधिकतम तापमान में 1.0 डिग्री से. की वृद्धि व न्यूनतम तापमान में 1.0 डिग्री से. की गिरावट दर्ज की गई।
इससे पूर्व शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.0 व न्यूनतम 6.4 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि पूरे प्रदेश में सबसे कम तापमान वाला कांके में 7.2 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal