हरियाणा में नए साल से ठंड बढ़नी शुरु हो गई। तीसरे दिन लगातार घना कोहरा छाया हुआ है। हिसार, पानीपत, झज्जर, सोनीपत, जींद, पलवल और महेंद्रगढ़ समेत कई शहर कोहरे की चपेट में हैं। वहीं पलवल और जींद में तो विजिबिलिटी 5 से 10 मीटर है। 5 जनवरी की रात और 6 जनवरी को राज्य में उत्तर व दक्षिण पश्चिमी के कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं। 7 जनवरी से राज्य में मौसम खुश्क रहने और उत्तरी व उत्तर पश्चिमी से ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
ठंड के मामले में हरियाणा ने हिमाचल को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश के 9 शहर ऐसे हैं जो मनाली से भी ज्यादा ठंडे हैं। इसके अलावा शिमला जैसी ठंड पूरे हरियाणा में ही देखी जा सकती है। शिमला का तापमान 17.2 डिग्री रहा, जबकि हरियाणा के ज्यादातर शहरों का तापमान 17 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग की ओर से नई एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग की ओर से नई एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें 10 शहरों में आज कोल्ड डे की चेतावनी दी गई है। इन शहरों में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत शामिल हैं। सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत में कोल्ड डे का अटैक पूरा दिन रहेगा। इसके अलावा भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी और झज्जर में कोहरा रात के समय परेशानी का कारण बन सकता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal