भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में कुल मामलों की संख्या 17 लाख से ज्यादा हो गई है और 37 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना के 54 हजार से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं और 853 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान चार लाख 63 हजार 172 सैंपल टेस्ट हुए। लगातार चौथे दिन कोरोना के 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना के कुल अब तक 17 लाख 50 हजार 724 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से पांच लाख 67 हजार 730 एक्टिव केस हैं, वहीं 11 लाख 45 हजार 630 मरीज ठीक हो गए हैं और 37 हजार 364 मरीजों की मौत हो गई है। अब तक कुल एक करोड़ 98 लाख 21 हजार 831 सैंपल टेस्ट हुए हैं। रिकवरी रेट 65.44 फीसद हो गई है और मृत्यु दर 2.13 फीसद है।
सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में
देश में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। यहां अभी तक कोरोना के चार लाख 31 हजार 719 मामलों की पुष्टि हो गई है। इनमें से एक लाख 49 हजार 520 एक्टिव केस हैं। वहीं दो लाख 66 हजार 883 मरीज ठीक हो गए हैं और 15 हजार 316 मरीजों की मौत हो गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal