झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को साहेबगंज जिले की पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहड़वा में पहुंची। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों की जमीन छीनकर झारखंड में ‘भूमि बैंक’ बना रही है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों की संस्कृति और परंपरा की रक्षा करती है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीबों से पैसा छीनकर अमीरों को दे रही है।
प्रियंका ने कहा कि ये चुनाव आपकी मिट्टी और मां का चुनाव है, झारखंड के अस्तित्व का चुनाव है। जंगल के हजारों रंग होते हैं लेकिन बीजेपी को ये रंग दिखाई नहीं देते हैं।
चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी पाकुड़ से कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलग और गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी रोड शो भी करेंगी। झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण के तहत 16 सीटों पर 20 दिसंबर को मतदान किए जाएंगे।
नागरिकता कानून को लेकर भी प्रियंका ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब छात्रों ने आवाज उठाई, तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके विरोध में देश भर में छात्र अब सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र सरकार युवाओं की आवाज दबाना चाहती है।