मनी लौंड्रिंग के मामले में हाल ही में जमानत पर छूटे पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि भाजपा के जो नेता मेरी जमानत की शर्तों के उल्लंघन का सवाल उठा रहे हैं, वे मेरे जमानत के आदेश को ठीक से पढ़ें। रांची में शुक्रवार को पी चिदंबरम ने कहा कि भाजपा के नेता बेवजह इस मामले को तूल दे रहे हैं।

आइएनएक्स मीडिया मामले में कुछ दिन पहले ही तिहाड़ जेल से निकले चिदंबरम ने कहा कि दिल्ली और झारखंड में नाकाबिल सरकार सत्ता पर काबिज है।
इस चुनाव में झारखंड में भाजपा की सरकार को हटाना है। हैदराबाद में दुष्कर्मियों के एनकाउंटर पर चिदंबरम ने कहा कि यह मुठभेड़ सही है या फर्जी, यह जांच का विषय है। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को संकट में बताया।
शुक्रवार को रांची पहुंचे चिदंबरम ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस झारखंड में सरकार बनाने में कामयाब होगी। बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर कांग्रेस भी रेस हो गई है। इस कड़ी में कांग्रेस के सीनियर नेता पी. चिदंबरम शुक्रवार को रांची पहुंचे हैं। वे यहां विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां परख रहे हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal