भुवनेश्वर से सेना के सामान व जवानों को लेकर आ रहा आर्मी वाहन रामगढ़ के चुटुपालू घाटी में पाइप लदे ट्राला से जा टकराया। इस घटना में एक जवान की मौत हो गई और दो गंभीर हो गए। सेना के तकरीबन आधे दर्जन से अधिक वाहनों का काफिला एक साथ चल रहा था। मौके पर सेना के अधिकारी पहुंचे हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है। मृतक सेना वाहन का चालक हवलदार अलख राजन तथा घायलों में नायक कृष्णा रेड्डी व नायक सूबेदार सुभाष रेड्डी शामिल हैं।

जवान के शव को दो घंटे के बाद निकाला बाहर
रांची-पटना फोरलेन मार्ग के चुटुपालू घाटी में दुर्घटनाग्रस्त सेना वाहन में फंसे सेना जवान (चालक) के शव को रामगढ़ पुलिस व एनएचएआइ ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन के सहारे बाहर निकाला। मृतक सेना के चालक का नाम ओड़िशा के अलख राजन बताया जा रहा है। दो घायल जवानों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रामगढ़ छावनी स्थित मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार की सुबह करीब सात बजे ओडिशा से सेना के जवानों व मशीनरी को लेकर आ रहा आर्मी वाहन का ब्रेकफेल हो गया था। इससे भारी मशीनरी आर्मी वाहन चुटुपालू घाटी में अनियंत्रित हो गया। इससे आगे चल रहे एक पाइप लदे ट्रेलर (NL01D-9112) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। सेना के तकरीबन आधे दर्जन से अधिक वाहनों का काफिला घाटी से होकर गुजर रहा था।
घटना की जानकारी पाकर मिलिट्री पुलिस रांची के कमांडिंग अफसर सहित सेना के कई अधिकारी रामगढ़ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इधर दुर्घटना में मारे गए जवान के शव को फिलहाल मिलिट्री अस्पताल रामगढ़ में रखा गया है। शव का पोस्टमार्टम रामगढ़ सदर अस्पताल में करने की तैयारी की जा रही।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal