मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनकल्याण अभियान का गीता जयंती से शुरू होना बेहद आनंददायक है। गीता भक्ति, ज्ञान और योग का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार रामराज्य की परिकल्पना को साकार कर रही है।
जनकल्याण पर्व में सरकार के एक साल के सार्वजनिक कार्यक्रम 26 दिसंबर तक आयोजित होंगे। साथ ही, गीता जयंती से 26 जनवरी 2025 तक मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत हर दिन नागरिकों को सौगातें और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। अब नागरिकों को आयुष्मान कार्ड, संपत्ति कर, बिल्डिंग परमिशन, आधार कार्ड सहित 76 से अधिक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत घर पर ही मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पहले हमने आपका विधायक, आपके द्वार अभियान चलाया और अब आपकी सरकार, शिविरों के माध्यम से आपकी समस्याओं का समाधान करने आएगी। यह बात उन्होंने फ्रीगंज रेलवे ओवरब्रिज के भूमिपूजन और मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के शिविर शुभारंभ कार्यक्रम में कही।
गीता जयंती से शुरू हुआ अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनकल्याण अभियान का गीता जयंती से शुरू होना बेहद आनंददायक है। गीता भक्ति, ज्ञान और योग का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने भगवान श्रीराम का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भगवान श्रीराम अयोध्या में विराज कर संपूर्ण विश्व के भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार अब रामराज्य की परिकल्पना को साकार कर रही है।
फ्रीगंज रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फ्रीगंज रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन किया और इसके प्रस्तावित लेआउट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। यह ब्रिज चामुंडा चौराहे से फ्रीगंज को जोड़ेगा और सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए बनाया जाएगा। इसकी कुल लागत 91.76 करोड़ रुपये होगी। ब्रिज की लंबाई 633 मीटर और चौड़ाई 21.40 मीटर होगी। यातायात के लिए 9-9 मीटर चौड़े कैरिजवे, 1.5-1.5 मीटर चौड़े फुटपाथ और 0.4 मीटर का डिवाइडर होगा।
जल्द होगा आईटी पार्क का शुभारंभ
ब्रिज निर्माण के साथ-साथ फ्रीगंज और आसपास के क्षेत्रों को प्रमुख व्यापारिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने मुख्यमंत्री को ब्रिज की सौगात देने के लिए धन्यवाद दिया और बताया कि जल्द ही आईटी पार्क का शुभारंभ भी होगा। उन्होंने अन्य विकास परियोजनाओं जैसे मेडिसिटी, उज्जैन-इंदौर 6 लेन, यूनिटी मॉल, भक्त निवास, और उज्जैन-जावरा 4 लेन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कलावती यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जाटिया, संजय अग्रवाल, संभागायुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, एडीएम अनुकूल जैन, नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक और स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal