डब्ल्यूडब्ल्यूई के चैंपियन रह चुके पहलवान दलीप राणा उर्फ द ग्रेट खली के बाद सिंह ब्रदर्स भी किसान आंदोलन के समर्थन में आ गए हैं। सुनील सिंह उर्फ गुरविंदर सिहरा और समीर सिंह उर्फ हरविंदर सिहरा ने सोशल मीडिया पर किसान आंदोलन के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की है। कनाडा में जन्मे सिंह ब्रदर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए आंदोलन करे रहे किसानों के प्रति अपना समर्थन जताया है।

सुनील सिंह उर्फ गुरविंदर सिहरा ने #WeStandWithFarmers के साथ इंस्टाग्राम पर लिखा है, हजारों मील दूर, हम अपनी लड़ाई लड़ते हैं। हालांकि, अभी भारत की ठंडी सड़कों पर सबसे बड़ी लड़ाई हो रही है। मनुष्य अपने मूल अधिकारों के लिए जूझ रहा है। यह सब देखना वास्तव में भावनात्मक, दुखद और निराशाजनक है। तीन महीने होने वाले और यह प्रदर्शन जारी है..। भारत में हमारे सभी सिख, मुस्लिम, हिंदू, भाई, बहन और सभी किसानों के साथ हमारा दिल बना रहता है। अब दुनिया में आपकी आवाजें सुनाई देने लगी हैं।’ उन्होंने आगे लिखा, अपना सिर ऊंचा रखें। मैं आशा करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि जल्द ही सकारात्मक प्रस्ताव आएगा।’
इससे पहले जनवरी में समीर सिंह उर्फ हरविंदर सिहरा ने अपने इंस्टाग्राम पर किसान आंदोलन के समर्थन में एक पोस्ट लिखा था, दो महीने से ज्यादा हो गए, इस कड़ाके की ठंड में किसान सड़कों पर हैं। उनकी आवाजें अभी भी किसी को सुनाई नहीं दे रही हैं। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान 130 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने अपनी जान गंवाई है। खेती उद्योग में कर्ज के साथ, किसानों के बीच आत्महत्या दर बढ़ने की उम्मीद है। अभी भी वे लोग शांति से विरोध कर रहे हैं।’
द ग्रेट खली ने भी सभी से किसानों के आंदोलन में साथ देने की अपील करते हुए कहा था कि, नए कृषि सुधार कानून से किसानों के साथ आम लोगों पर भी बहुत बड़ा बोझ पड़ेगा। खली ने कहा था कि नए कानून से खरीदार किसानों से फसल दस रुपए किलो लेंगे और आपको 200 रुपए किलो बेचेंगे। सबसे ज्यादा नुकसान उनका है, जो दिहाड़ी करते हैं, रेहड़ी लगाते हैं और आम इंसान हैं। सभी लोगों से मैं विनती करता हूं कि किसानों के साथ खड़े हों, कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ दें, ताकि सरकार को किसान की मांग मानने के लिए मजबूर होना पड़े।
बता दें कि कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन के 72 दिन हो गए हैं। किसान कल चक्का जाम करने की तैयारियों में जुटे हैं। संयुक्त किसान मोर्चे ने 6 फरवरी को यानी कल 3 घंटे चक्का जाम का एलान किया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal