स्मार्टफोन खरीदते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है- कैमरा कैसा है? ट्रैवल फोटोग्राफी हो, इंस्टाग्राम रील्स बनानी हों, 4K या 8K वीडियो शूट करना हो या फिर नाइट मोड में क्लियर तस्वीरें लेनी हों, हर यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतरीन कैमरा फोन चाहता है। इसी वजह से दुनिया की मशहूर कैमरा टेस्टिंग एजेंसी डीएक्सओमार्क की रैंकिंग काफी अहम मानी जाती है।
यह एजेंसी कैमरा की डिटेल, कलर एक्यूरेसी, जूम क्वालिटी, नाइट परफार्मेंस और वीडियो स्टेबिलिटी जैसे कई पैमानों पर फोन को टेस्ट करती है। इन स्कोर के आधार पर हमने भारत में उपलब्ध टॉप 5 कैमरा स्मार्टफोन की सूची तैयार की है। इनमें कोई फोन जूम में आगे है, कोई वीडियो रिकॉर्डिंग में तो कोई एआई प्रोसेसिंग में कमाल दिखा रहा है।
Vivo X300 Pro
डीएक्सओमार्क कैमरा रेटिंग में वीवो के फ्लैगशिप फोन वीवो एक्स300 प्रो को 171 अंक मिले हैं और यह कैमरा के लिहाज से एक बेहतरीन फोन है। इस फोन ने कैमरा टेक्नोलॉजी को एक नए लेवल पर पहुंचा दिया है। यह फोन खासतौर पर उन यूजर्स के लिए है, जो फोटोग्राफी में एक्सपेरिमेंट करना पसंद करते हैं और लंबी दूरी से साफ तस्वीरें लेना चाहते हैं।
कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें ट्रिपल रियर कैमरा है जिसमें 50 एमपी का वाइड एंगल प्राइमरी कैमरा, 50 एमपी का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 200 एमपी का पावरफुल टेलीफोटो लेंस दिया गया है। यह टेलीफोटो कैमरा 3.5एक्स आप्टिकल जूम और 100एक्स डिजिटल जूम सपोर्ट करता है यानी दूर खड़े किसी आब्जेक्ट को भी क्लोज और डिटेल में कैप्चर किया जा सकता है।
वीडियो रिकॉर्डिंग में यह फोन फुल एचडी पर 30, 60, 120 और 240एफपीएस तक सपोर्ट देता है, जो स्लो मोशन वीडियो के लिए शानदार है। फ्रंट में 50 मेगापिक्सल का वाइड एंगल कैमरा दिया गया है, जिससे सेल्फी और वीडियो कालिंग दोनों शानदार बनती हैं।
परफार्मेंस के मामले में इसमें मीडियाटेक का पावरफुल डाइमेंसिटी 9500 प्रोसेसर दिया गया है, जो 4.21गीगाहर्ट्ज तक की स्पीड देता है। 16जीबी तक रैम के साथ यह फोन मल्टीटास्किंग और हेवी गेमिंग में भी बेस्ट इन क्लास माना जा रहा है। इसमें 6.78 इंच का एमोलेड डिस्प्ले, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 1260×2800 पिक्सल रिजॉल्यूशन इसे विजुअली भी प्रीमियम बनाते हैं। बैटरी इसकी एक और बड़ी ताकत है। 6510एमएएच की बड़ी बैटरी के साथ 90वाट फ्लैश चार्जिंग मिलती है। वहीं 512जीबी इंटरनल स्टोरेज भी स्टोरेज की चिंता खत्म कर देता है। यह फोन उन लोगों के लिए परफेक्ट है, जो जूम फोटोग्राफी, हाई रिजाल्यूशन इमेज और बड़ी बैटरी चाहते हैं।
Apple iPhone 17 Pro
एपल का आइफोन 17 प्रो बैलेंस्ड कैमरा परफार्मेंस और प्रोफेशनल वीडियो क्वालिटी के लिए जाना जा रहा है। डीएक्सओमार्क में इसे 168 अंक मिले हैं। इस टेस्ट में फोन को कलर एक्यूरेसी, स्किन टोन और वीडियो स्टेबिलिटी के लिए खास सराहा गया है। इसमें 48 मेगापिक्सल का वाइड एंगल कैमरा, 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड और 48 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। टेलीफोटो कैमरा 4एक्स आप्टिकल जूम और 40 एक्स डिजिटल जूम सपोर्ट करता है।
वीडियो रिकॉर्डिंग इसकी सबसे बड़ी ताकत है। यह 4K वीडियो 24, 25, 30, 60, 100 और 120एफपीएस तक रिकार्ड कर सकता है यानी फिल्म मेकिंग और कंटेंट क्रिएशन के लिए यह एक बेहतरीन डिवाइस है। फ्रंट कैमरा 18 मेगापिक्सल का है और 4के वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है। रेटिना फ्लैश के साथ लो-लाइट सेल्फी भी बेहतर आती है। परफार्मेंस के लिए इसमें एपल ए19 प्रो चिप दी गई है, जो 4.26गीगाहर्ट्ज तक की स्पीड देती है। 12 जीबी रैम के साथ आइओएस वी26 का आप्टिमाइजेशन इसे बेहद स्मूद बनाता है।
इस आइफोन में 6.3 इंच का सुपर रेटिना एक्सडीआर ओएलइडी डिस्प्ले, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 1206×2622 पिक्सल रिजॉल्यूशन इसे कांपैक्ट, लेकिन पावरफुल बनाते हैं। इसमें बैटरी 3988एमएएच की है और 40वाट क्विक चार्जिंग सपोर्ट करती है। यह डस्ट और वाटर रेसिस्टेंट भी है। स्टोरेज विकल्प 256जीबी से लेकर 1टीबी तक उपलब्ध हैं। अगर आप प्रोफेशनल वीडियो रिकार्डिंग, नेचुरल कलर और ब्रांड वैल्यू चाहते हैं तो यह फोन आपके लिए सही है।
Motorola Signature
मोटोरोला सिग्नेचर स्मार्टफोन को डीएक्सओमार्क टेस्ट में 164 अंक मिले हैं। यह बेहतरीन कैमरा फोन में से एक है। इसमें 50एमपी वाइड एंगल प्राइमरी कैमरा, 50एमपी अल्ट्रा वाइड मैक्रो कैमरा और 50एमपी पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। यह 3एक्स आप्टिकल जूम और 100एक्स डिजिटल जूम के साथ दूर की तस्वीरें भी साफ कैप्चर करता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 30एफपीएस पर 8K वीडियो रिकार्डिंग है। अगर आप हाइ रिजाल्यूशन वीडियो शूट करना चाहते हैं तो यह फोन आपके लिए शानदार विकल्प है। फ्रंट में 50एमपी कैमरा दिया गया है, जो फुल एचडी 120एफपीएस तक रिकार्डिंग कर सकता है। स्क्रीन फ्लैश के साथ लो लाइट सेल्फी भी बेहतर आती है।
स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो इसमें 6.8 इंच का बड़ा एमोलेड डिस्प्ले मिलता है, जिसका रिजॉल्यूशन 1264×2780 पिक्सल है। वहीं 165 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट इसे इस सेगमेंट में खास बनाता है। इससे गेमिंग, स्क्रॉलिंग और एनीमेशन बेहद स्मूद लगते हैं। इसके अलावा, गोरिल्ला ग्लास प्रोटेक्शन और पंच होल डिजाइन इसे प्रीमियम लुक देते हैं। परफार्मेंस के लिए क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 8 जेन 5 प्रोसेसर और 16जीबी तक रैम मिलती है। यह कांबिनेशन हेवी गेमिंग और मल्टीटास्किंग में दमदार है। इसके साथ 5200एमएएच बैटरी और 90वाट टर्बो चार्जिंग सपोर्ट भी है।
Google Pixel 10 Pro XL
यह स्मार्टफोन अपनी स्मार्ट कैमरा प्रोसेसिंग और नेचुरल फोटो आउटपुट के लिए जाना जाता है। इसमें 6.8 इंच का एलटीपीओ ओएलइडी डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन 1344×2992 पिक्सल है। यह 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और गोरिल्ला ग्लास प्रोटेक्शन के साथ प्रीमियम फील देता है। कैमरा की बात करें तो इसमें 50एमपी वाइड एंगल प्राइमरी सेंसर, 48एमपी अल्ट्रा वाइड और 48एमपी टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। इसके साथ 5एक्स ऑप्टिकल जूम और 100एक्स डिजिटल जूम मिलता है, जो इसे बैलेंस्ड फोटोग्राफी डिवाइस बनाता है।
पिक्सल सीरीज की खास पहचान इसकी एआइ प्रोसेसिंग है। गूगल टेंसोर जी5 प्रोसेसर फोटो को क्लिक करने के बाद भी स्मार्ट तरीके से प्रोसेस करता है, जिससे रंग नेचुरल और डिटेल साफ दिखती है। यह 8K @24/30एफपीएस वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है। फ्रंट में 42एमपी अल्ट्रा वाइड कैमरा दिया गया है, जो ग्रुप सेल्फी के लिए शानदार है। इसके अलावा, फोन में 5200एमएएच बैटरी और 45वाट फास्ट चार्जिंग मिलती है। यह फोन उन लोगों के लिए है, जो ऑटोमेटिक रूप से बेहतरीन फोटो चाहते हैं, बिना ज्यादा एडिटिंग के। डीएक्सओमार्क में इस फोन को 163 अंक मिले हैं।
Apple iPhone 16 Pro Max
एपल आइफोन 16 प्रो मैक्स आज भी प्रीमियम सेगमेंट में मजबूत दावेदार है। डीएक्सओमार्क टेस्ट में इसे 161 अंक मिले हैं। कैमरा सेटअप को देखें तो इसमें 48एमपी वाइड एंगल, 48एमपी अल्ट्रा वाइड और 12एमपी टेलीफोटो कैमरा मिलता है। इसके साथ इसमें 5एक्स ऑप्टिकल जूम और 25एक्स डिजिटल जूम सपोर्ट मिलता है। वीडियो रिकॉर्डिंग इसकी खास पहचान है। यह 4K @120एफपीएस तक रिकॉर्डिंग कर सकता है, जिससे स्लो मोशन वीडियो बेहद स्मूद बनते हैं।
वहीं इसमें कंपनी ने 12एमपी फ्रंट कैमरे का उपयोग किया है। इस आइफोन में 6.9 इंच का सुपर रेटिना एक्सडीआर डिस्प्ले और 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे आपको शानदार व्यूइंग एक्सपीरियंस मिलता है। वहीं एपल ए18 प्रो इसे बेहद स्मूद और स्टेबल बनाता है। इसमें 4685एमएएच बैटरी और 20वाट फास्ट चार्जिंग मिलती है साथ ही, यह डस्ट और वाटर रेसिस्टेंट भी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal