प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा, लेकिन भीषण लू का कहर जारी है। भीषण गर्मी और लू से प्रदेश के ज्यादातर जिले प्रभावित हैं। दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बदलाव की कोई आशंका नहीं है, लेकिन गुरुवार से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में चलने वाली तेज हवाओं का असर भीषण लू के रूप में अगले तीन दिनों तक देखा जा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हाथरस, आगरा और मथुरा के साथ आस पास के जिले लू से सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कुछ जिले लू से प्रभावित रहेंगे। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी में 44.4 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 44.2 डिग्री सेल्सियस और कानपुर में 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान फरीदाबाद में 17.0 डिग्री सेल्सियस और मुजफ्फरनगर में 17.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। रविवार को शहर का एक्यूआइ स्तर चिंताजनक 228 तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal