रोजा जंक्शन का मेगा ब्लॉक खत्म होने के बाद प्रयागराज-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए स्पीड ट्रायल किया जाएगा। अगर सबकुछ सही रहा तो दिवाली से पहले इस ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है।
दीपावली से पहले बरेली होते हुए एक और वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाएगा। अगले माह रोजा जंक्शन का मेगा ब्लॉक खत्म होने के बाद प्रयागराज-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए स्पीड ट्रायल किया जाएगा। स्पीड ट्रायल के लिए बरेली से वाया हरदोई और वाया सीतापुर रूट तय किए गए हैं।
देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन मार्च में शुरू हुआ था। इसके अच्छे परिणाम मिले हैं। ऑक्यूपेंसी के मामले में भी यह ट्रेन लगातार बढ़त बना रही है। इस ट्रेन का ठहराव शाहजहांपुर और रामपुर में नहीं है। प्रयागराज-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को यहां भी ठहराव दिया जाएगा। इस साल के अंत तक कुछ अन्य रूटों पर भी वंदे भारत का संचालन प्रस्तावित है।
इज्जतनगर मंडल के काठगोदाम, लालकुआं, टनकपुर स्टेशनों से भी अलग-अलग दिशाओं में वंदे भारत का संचालन प्रस्तावित है। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि दीपावली से पहले कुछ रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत स्लीपर का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
राज्यरानी एक्सप्रेस चार दिन रहेगी निरस्त
रोजा जंक्शन स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण प्रभावित ट्रेनों के संचालन में परिवर्तन किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि ट्रेन नंबर 22454 मेरठ सिटी-लखनऊ राज्यरानी एक्सप्रेस को एक अगस्त से छह अगस्त तक निरस्त किया गया था। अब इसको एक अगस्त को बहाल करते हुए दो घंटे 15 मिनट और दो अगस्त को तीन घंटे की देरी से चलाया जाएगा। तीन से छह अगस्त तक यह ट्रेन निरस्त रहेगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal