तीसरे चरण के लिए यूपी की 10 सीटों पर कल होगी वोटिंग

लोकसभा चुनाव के लिए दो चरणों पर मतदान हो चुका है। कल यानी 7 मई को तीसरे चरण के लिए मतदान होगा। तीसरे चरण में यूपी की 10 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। जिनमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली लोकसभा सीटें शामिल है। इस बार इन सीटों पर मुकाबला काफी दिलचस्प है। पिछली बार दस में से आठ सीटों पर भगवा परचम फहराया था। इसलिए अब बीजेपी के सामने अपने पुराने प्रदर्शन को बरकरार रखने की चुनौती है।

तीसरे चरण में 1.89 करोड़ मतदाता डालेंगे वोट
बता दें कि तीसरे चरण के लिए यूपी के 12 जिलों की 10 संसदीय सीटों पर चल रहा प्रचार अभियान रविवार को समाप्त हो गया। कल इन दस सीटों पर मतदान होगा। 10 लोकसभा सीटों में से 08 सीटें सामान्य वर्ग की और 02 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। 10 सीटें मुरादाबाद, संभल, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, बदांयू और बरेली समेत 12 जिलों में फैली हुई हैं। तीसरे चरण में 1.89 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1.01 करोड़ पुरुष और 87.48 लाख महिलाएं शामिल हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 12,339 मतदान केंद्रों और 20,415 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

संभल लोकसभा सीट
संभल लोकसभा सीट के समीकरण उलझे हुए है। इस सीट से भाजपा ने अपने पुराने दिग्गज परमेश्वर लाल सैनी को मैदान में उतारा है। समाजवादी पार्टी ने जियाउर्रहमान बर्क को टिकट दिया है। वहीं, बसपा ने पूर्व विधायक सौलत अली को चुनावी रण में उतारा है।

बरेली लोकसभा सीट
रुहेलखंड की सबसे अहम सीट बरेली में बसपा प्रत्याशी के मैदान से बाहर होने के बाद लड़ाई सीधी जंग में तब्दील है। भाजपा ने आठ बार के सांसद संतोष गंगवार का टिकट काटकर कुर्मी बिरादरी के ही छत्रपाल गंगवार को मौका दिया है। उधर, सपा के टिकट पर प्रवीण सिंह ऐरन पांचवीं बार भाग्य आजमा रहे हैं।

बदायूं लोकसभा सीट
बदायूं लोकसभा सीट पर भी कड़ा मुकाबला है। इस सीट से भाजपा ने पहली बार अपने संगठन के दिग्गज दुर्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। सपा ने शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव को टिकट दिया है। वह पहला बड़ा चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा ने मुस्लिम खां पर दांव लगाकर चुनाव को रोचक बना दिया है।

एटा लोकसभा सीट
एटा लोकसभा सीट पर भाजपा ने पूर्व सीएम कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह को मैदान में उतारा है। समाजवादी पार्टी ने देवेश शाक्य को टिकट देकर नया समीकरण रच दिया है। वहीं, बसपा ने इरफान को मैदान में उतारा है।

आंवला लोकसभा सीट
इस सीट से भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप हैट्रिक लगाने के इरादे से फिर से मैदान में हैं। सपा ने नीरज मौर्य को मैदान में उतारकर मुकाबला कड़ा कर दिया है। वहीं, बसपा के आबिद अली साइकिल की गति को कम करने का काम कर रहे हैं।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट
फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर भाजपा ने दिग्गज राजकुमार चाहर को फिर से टिकट दिया है। कांग्रेस ने रामनाथ सिकरवार पर दांव लगाया है। रामनिवास शर्मा को बसपा ने मैदान में उतारा हैं।

हाथरस लोकसभा सीट
इस सीट से भाजपा ने अनूप प्रधान वाल्मीकि को मैदान में उतारा है। सपा ने जसवीर वाल्मीकि को चुनावी रण में उतार दिया। बसपा ने हेमबाबू धनगर को टिकट दिया है।

फिरोजाबाद लोकसभा सीट
भाजपा ने पिछली जीत के बावजूद टिकट बदलकर ठाकुर विश्वदीप सिंह को दंगल में उतारा है। सपा ने भी यहां तगड़ा दांव चलते हुए वर्ष 2014 में चुनाव जीते अक्षय यादव को टिकट दिया है। वहीं, बसपा ने चौधरी बशीर को मैदान में उतारकर सपा को झटका देने की कोशिश की है।

मैनपुरी लोकसभा सीट
मैनपुरी लोकसभा सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प है। यहां मुलायम सिंह यादव की विरासत पर जोर-आजमाइश चल रही है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव साइकिल पर सवार होकर चुनावी मैदान में उतरी हैं। उधर, भाजपा ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को चुनावी मैदान में उतार दिया है। वहीं, बसपा ने शिवप्रसाद यादव को मैदान में उतारा है।

आगरा लोकसभा सीट
यह सीट 2009 से भाजपा के कब्जे में है। 2009 और 2014 में रामशंकर कठेरिया चुने गए, वहीं 2019 में भाजपा से एसपी सिंह बघेल चुने गए। इस बार भी भाजपा ने बघेल पर ही दांव लगाया है। बसपा से पूजा अमरोही प्रत्याशी हैं। वे कांग्रेस की पूर्व राज्यसभा सांसद सत्या बहन की बेटी हैं। वहीं, सपा ने सुरेश चंद कर्दम को उतारा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com