UP: अक्षय तृतीया ने तोड़ दिया सोने-चांदी के भाव का भ्रम, बाजार में हुई इतनी खरीद

अक्षय तृतीया पर्व पर रविवार को बाजारों में जबरदस्त रौनक लौट आई। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर सिक्के और बर्तन खूब बिके। रियल एस्टेट से लेकर कपड़ा और वाहन बाजार तक में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान शहरभर में करीब 100 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। ग्राहकों का यह उत्साह सोमवार को भी जारी रहने की उम्मीद है।

एमजी रोड से लेकर किनारी बाजार तक ज्वेलरी शोरूम्स पर भारी भीड़ रही। किनारी बाजार, रावत पाड़ा और जौहरी बाजार में खरीदारी के लिए ग्राहक उमड़ पड़े। सोने और चांदी की रिकॉर्ड बिक्री ने व्यापारियों को गदगद कर दिया। आभूषण ज्वेलर्स के स्वामी आनंद अग्रवाल ने बताया कि मेकिंग चार्ज पर भारी छूट और निश्चित उपहारों जैसे शानदार ऑफर्स के कारण ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। हल्के गहनों के साथ-साथ निवेश के लिए सिक्कों और बुलियन की भी भारी मांग रही। हमारे यहां निश्चित खरीद पर चांदी के सिक्के भी मुफ्त बांटे गए हैं। ग्राहकों के लिए ये ऑफर्स सोमवार को भी जारी रहेंगे।

विवाह सीजन से अन्य सेक्टर्स में भी भारी उछाल
शादी के सीजन के चलते केवल सर्राफा बाजार ही नहीं, बल्कि अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में भी रविवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली।
कपड़ा और गारमेंट बाजार: शादियों की मुख्य खरीदारी के कारण गारमेंट शोरूम्स और सुभाष बाजार स्थित थोक कपड़ा बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ रही।
ऑटोमोबाइल सेक्टर: शुभ मुहूर्त पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की जमकर बिक्री हुई। शोरूम्स पर पहले से बुक किए गए वाहनों की डिलीवरी लेने वालों का तांता लगा रहा।
रियल एस्टेट: निवेशकों और घर खरीदारों ने भी इस पावन अवसर पर रियल एस्टेट में भारी दिलचस्पी दिखाई। संपत्तियों की जमकर बुकिंग हुई और कई लोगों ने नए घर में गृह प्रवेश भी किया।
बर्तन बाजार: परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया पर धातु खरीदना शुभ माना जाता है, जिसके चलते बर्तन बाजार में भी अच्छी-खासी बिक्री दर्ज की गई।

आज भी अच्छे कारोबार की आस
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल का कहना है कि अक्षय तृतीया का यह व्यापारिक उत्साह अभी थमा नहीं है। ऑफर्स की मियाद और ग्राहकों की भारी मांग को देखते हुए सोमवार को भी बाजारों में अच्छी खरीदारी होने की पूरी उम्मीद है। कुल मिलाकर, ग्राहकों के उत्साह और ऑफर्स की बारिश ने इस बार अक्षय तृतीया को व्यापारिक जगत के लिए बड़ी सफलता बना दिया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com