UK: मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नड्डा के काफिले पर हमले की कड़ी निंदा की

पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले की मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला अत्यंत कायराना हरकत है। इसकी जितने भी कड़े शब्दों में निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि विरोध के स्वर सुनना ही लोकतंत्र है, लेकिन बंगाल की सरकार हर हाल में विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। लोकतंत्र में ऐसी घटना के लिए कोई स्थान नहीं है। इसका बंगाल की जनता बखूबी जवाब देगी। उन्होंने कहा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा की लोकतंत्र में विरोध जायज है, लेकिन सुनियोजित साजिश के तहत जिस तरह घटना को अंजाम दिया गया, उसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। पश्चिम बंगाल में पहले भी टीएमसी के इशारे पर भाजपा कार्यकर्त्‍ताओं और राष्ट्रवादी व्यक्तियों पर हमले किए गए और बड़ी संख्या में उनकी हत्याएं की जा रही हैं। इस घटना से पूरे देश में आक्रोश की लहर है। ममता बनर्जी के इशारों पर पश्चिम बंगाल पुलिस भाजपा और आरएसएस कार्यकर्त्‍ताओं का उत्पीड़न कर रही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा के बढ़ते जनाधार को देखकर ममता बनर्जी बौखला गई हैं। इसीलिए इस तरह की घटनाओं को टीएमसी सरकार अंजाम दे रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com